नीतीश को हां, भाजपा को न! बिहार सीएम को प्रशांत किशोर बोले-भ्रष्ट सरकार के ईमानदार मुख्यमंत्री

Bihar News: चुनावी चाणक्य प्रशांत किशोर ने एक नया दांव खेला है। उन्होंने अपने एक बयान में नीतीश कुमार को भ्रष्ट सरकार का ईमानदार सीएम बताया है। उनका यह बयान सियासी गुगली के रूप में देखा जा रहा है।
नीतीश को हां, भाजपा को न! बिहार सीएम को प्रशांत किशोर बोले-भ्रष्ट सरकार के ईमानदार मुख्यमंत्री
प्रशांत किशोर (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Prashant kishor News: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भले ही ईमानदार बताया, लेकिन साथ ही उन पर यह आरोप भी लगाया कि उनके इर्द-गिर्द रहने वाले मंत्री और अधिकारी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में संपत्ति खरीद चुके हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार भ्रष्ट सरकार के ईमानदार मुख्यमंत्री हैं।

अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में प्रशांत किशोर बेगूसराय के बछवाड़ा विधानसभा में ‘बिहार बदलाव जनसभा’ को संबोधित करने पहुंचे। भगवानपुर प्रखंड कार्यालय मैदान में आयोजित जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला।

भाजपा के नेता फेसबुकियाः पीके

बछवाड़ा को बिहार सरकार के खेल मंत्री का क्षेत्र बताए जाने पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह क्रांतिकारियों की भूमि है और देश में कोई बड़ा आंदोलन ऐसा नहीं हुआ, जिसकी शुरुआत बेगूसराय से न हुई हो। भाजपा नेताओं के उनके खिलाफ दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने चुनौती दी कि कोई भी नेता दम रखता है तो यहां उतने ही लोगों को जुटाकर सभा कर दिखाए, जितने लोग उनकी जनसभा में आए हैं। तभी साफ हो जाएगा कि फेसबुकिया नेता कौन है।

सरकार बनते ही भ्रष्ट मंत्री जाएंगे जेलः प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि बिहार के लोग गरीबी में जी रहे हैं जबकि मंत्री और अधिकारी लूट के पैसों से विदेशों में घर और संपत्ति खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर नवंबर में जन सुराज की व्यवस्था बनी तो सभी भ्रष्ट मंत्रियों और अधिकारियों को जेल भेजा जाएगा और उनके परिवार से लूटे गए पैसे जब्त किए जाएंगे।

'बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली- छठ'

प्रशांत किशोर ने जनता से वादा किया कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद बछवाड़ा या बेगूसराय के युवाओं को 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़ेगा। प्रदेश के ऐसे 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर यहीं 10-12 हजार रुपये का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जन सुराज की व्यवस्था बनने पर 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।-एजेंसी इनपुट के साथ