सपा सांसद आदित्य यादव (सौ. सोशल मीडिया)
SP MP Aditya Yadav: संभल जिले के गुन्नौर पहुंचे बदायूं से सपा के सांसद आदित्य यादव ने रविवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। सांसद आदित्य यादव ने कहा कि भाजपा साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को हिन्दू बनाम मुस्लिम बनाकर और समाज को सांप्रदायिक तथा जातिगत आधार पर विभाजित करके जीत हासिल करने की फिराक में है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
सांसद आदित्य यादव ने हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा चाहती है कि वर्ष 2027 का चुनाव हिंदू-मुस्लिम का मुकाबला बन जाए। सपा इससे विचलित नहीं होगी। विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ही टिकी रहेगी। भाजपा हर चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाकर लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है, लेकिन हम इससे विचलित नहीं होंगे।
आदित्य यादव ने कहा कि सपा पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज उठाती रहेगी। भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव करने वालों को 2027 में सबक सिखाया जाना चाहिए। इन बेईमान लोगों को सत्ता से बेदखल करने का समय आ गया है।
संभल में मदरसों पर हाल ही में हुई बुलडोजर की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए सांसद आदित्य यादव ने आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को निशाना बना रही है। ऐसी कार्रवाई संविधान को कुचलने और कुछ समुदायों को पिछड़ा बनाने की कोशिश है। बरेली में पीड़ितों से मिलने से सपा नेताओं को रोके जाने के मुद्दे पर सपा सांसद ने कहा कि विपक्ष को पीड़ितों से मिलने से रोककर सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है
ये भी पढ़ें : ‘जंगलराज याद कर कांप…’, चुनावी जंग से पहले नित्यानंद का RJD पर वार, ‘जनता चटा देगी तेजस्वी को धूल
जहां भी अन्याय होगा, सपा पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी। वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और उन्होंने इसे मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किया है। वह कभी सपा या राजनीति को नहीं छोड़ेंगे।