

Union Minister Nityanand Rai Attacked RJD: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं के बीच सियासी हमलों का दौर तेज हो गया है। रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पटना स्थित बीजेपी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के लिए बिहार की राजनीति में कोई जगह नहीं है और जनता उन्हें धूल चटा देगी।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आरजेडी के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा, 'बिहार में 1990 से 2005 तक लालू-राबड़ी के शासनकाल को 'जंगलराज' के रूप में याद किया जाता है, जिसका नाम सुनकर आज भी बिहार की जनता कांप उठती हैं। इस दौर को अपराध, हिंसा और भय के पर्याय के रूप में देखा जाता है, जिसने बिहार की छवि को गहरी चोट पहुंचाई।'
आगे नित्यानंद राय ने कहा कि 'उस शासन काल में हत्या, अपहरण, नरसंहार और दुष्कर्म के रूप में जगंलराज को जाना जाता था। आकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि, उन 15 वर्षों में 32 हजार से ज्यादा अपहरण की घटनाएं हुई थीं। उस समय बिहार में एफआईआर (FIR) नहीं होती थीं। 1990 से 2005 के बीच बिहार में 59 बड़े नरसंहार हुए थे, जिनमें लगभग 600 लोगों की जान गई थी।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि, उस शासनकाल में चुनावी प्रक्रिया भी हिंसा से अछूती नहीं रही। बूथ लूटने की घटनाएं आम थीं और जो लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहते थे, उनकी हत्या तक कर दी जाती थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय करीब 60 से अधिक पुलिसकर्मियों की भी हत्या हुई। फिरौती के लिए अपहरण इतने संगठित थे कि कथित तौर पर मुख्यमंत्री आवास में इसके लिए बैठकें होती थीं। उस वक्त तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार आकर कहा था, 'हमारे किसलय लौटा दो' जो उस दौर की भयावह स्थिति को दिखाता है।'
बीजेपी नेता ने राजद नेता तेजस्वी यादव को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि, 'तेजस्वी के लिए बिहार की राजनीति में कोई जगह नहीं है और जनता उन्हें धूल चटा देगी। आगे तंज कसते हुए कहा, 'अगर तेजस्वी यादव में हिम्मत है तो जनता के सामने जाकर स्वीकार करें कि उनके माता-पिता के शासन में जंगलराज था। तेजस्वी यादव चाहे जितनी कोशिश कर लें, जनता अब जाग चुकी है। इस बार बिहार की जनता जंगलराज नहीं, विकासराज चुनेगी। आने वाले चुनाव में जनता उन्हें जवाब देगी।'