
Wardha municipal council: वर्धा नगर पालिका (सोर्सः सोशल मीडिया)
Wardha municipal council: वर्धा नगर पालिका में भाजपा के सर्वाधिक 25 नगरसेवक विजयी हुए हैं। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के 2 और 1 निर्दलीय नगरसेवक के समर्थन से भाजपा व मित्र पक्ष का कुल 28 सदस्यों का गुट तैयार हो गया है।
इस गुट को मान्यता देते हुए पंजीकरण किए जाने की मांग को लेकर सभी संबंधित पार्षदों ने जिलाधिकारी वान्मथी सी. को निवेदन सौंपा है। उल्लेखनीय है कि वर्धा नगर पालिका में कांग्रेस का नगराध्यक्ष विजयी हुआ है। नगरसेवकों की स्थिति इस प्रकार है: भाजपा 25, कांग्रेस 5, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) 5, राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) 2, माकपा 1 और 2 निर्दलीय सदस्य। इस स्थिति से स्पष्ट हो गया है कि कौन किसके साथ है।
भाजपा ने विलास आगे को अपना गुटनेता नियुक्त किया है। भाजपा को अजीत पवार गुट के 2 नगरसेवक और निर्दलीय नगरसेवक सुरेश आहुजा का समर्थन प्राप्त हुआ, जिससे भाजपा व मित्र पक्ष के कुल सदस्य 28 हो गए हैं। सोमवार, 5 जनवरी को भाजपा शहर अध्यक्ष निलेश किटे और गुटनेता विलास आगे के हस्ताक्षर युक्त पत्र जिलाधिकारी वान्मथी सी. को सौंपा गया।
सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर गुट को मान्यता देने और उसका पंजीकरण करने की मांग की। बताया गया है कि यह पंजीकरण 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) के पार्षद संतोषसिंह ठाकुर स्वयं नगराध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में थे।
ये भी पढ़े: अहिल्यानगर में भाजपा-एनसीपी का चुनाव प्रचार शुरू, रवींद्र चव्हाण का वफ़ादारों को मौका देने का वादा
28 सदस्यों के इस गुट में शामिल हैं: संतोषसिंह ठाकुर, स्नेहा आकरे, निर्दलीय सुरेश आहुजा, भाजपा के नगरसेवक सतीश मिसाल, उज्वला पेठे, विजय उईके, सचिन होले, सोनल त्रिवेदी, वंदना चामटकर, निशा गोसावी, विलास आगे, शेख तरन्नुम शेख, वैष्णवी मेघे, प्रफुल्ल शर्मा, शुभांगी कोलते, प्रदीपसिंह ठाकुर, वंदना भुते, पवन राऊत, स्वाति गव्हाणे, प्रदीप तलमले, मोहिनी आडे, अभिषेक त्रिवेदी, सुनील चावरे, प्रियंका खंगार, सोनाली तडसे, राखी पांडे, कैलास राखडे, मेघना त्रिमले। सभागृह का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए इस गुट को मान्यता देने की मांग की गई है।






