(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Wardha News: किसी बात को लेकर हुए विवाद में एक शराब विक्रेता ने अपने साथियों की मदद से एक महिला से मारपीट की और उसे गांव में घुमाया।
यह गंभीर घटना सोमवार की रात 8:30 बजे सावंगी मेघे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमला गांव में सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने महिला और पुरुष सहित कुल 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरी ओर से भी शिकायत प्राप्त होने के कारण पीड़ित महिला पर भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आमला गांव में एक शराब विक्रेता से उसी परिसर में रहने वाली महिला का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि शराब विक्रेता ने महिला से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चार महिलाओं और तीन पुरुषों ने मिलकर उस महिला को पकड़कर गांव में घुमाया।
इस घटना से पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। आरोप है कि पीड़ित महिला ने पहले गाली-गलौज की और किसी महिला से मारपीट भी की। इसके बाद गुस्साए शराब विक्रेता और अन्य लोगों ने मिलकर महिला की पिटाई कर दी और उसे गांव में घुमाया।
घटना की जानकारी मिलते ही सावंगी मेघे पुलिस ने गांव पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर चार महिलाएं और तीन पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। महिला आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया, जबकि तीनों पुरुषों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें :- Wardha में संत्रा किसानों पर दोहरी मार! बारिश और कीटों से बर्बाद हुई फसल
इसी मामले में एक महिला आरोपी की शिकायत के आधार पर पीड़ित महिला के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। गांव में उक्त शराब विक्रेता की दहशत बताई जा रहा है। इस प्रकार किसी महिला को गांव में घुमाना अत्यंत निंदनीय कृत्य है, जिसकी सर्वत्र आलोचना हो रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है और वे दबे स्वर में शराब विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।