भिवंडी ट्रैफिक जाम आंदोलन (pic credit; social media)
Maharashtra News: भिवंडी-ठाणे रोड पर अंजुरफाटा-काल्हेर-काशेली मार्ग पर हमेशा ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे वाहन चालक और आम नागरिक परेशान रहते हैं। इस समस्या के प्रति नागरिकों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। इसी के चलते अंजुरफाटा में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस प्रदर्शन में स्थानीय रिक्शा और टेंपो चालकों ने भी भाग लिया। शिवसेना ठाकरे समूह, एमएनएस शहर अध्यक्ष मनोज गुलवी, और कांग्रेस तालुका अध्यक्ष नीलेश भोईर ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया और नागरिकों के मुद्दे का समर्थन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
यह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ जब परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ठाणे घोड़बंदर रोड पर भारी यातायात को नियंत्रित करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, भिवंडी मार्ग पर भारी वाहन सीधे अंजुरफाटा से आ रहे हैं, जिससे पिछले कुछ दिनों से वाहन चालक और यात्री भारी ट्रैफिक जाम का सामना कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- भिवंडी में हैवी वाहनों पर नो एंट्री, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
नागरिकों ने मांग की कि शहर से भारी वाहनों का आवागमन तुरंत रोका जाए और सड़क पर पड़े गड्ढों को भरकर सुरक्षित किया जाए। इस विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क पर लगभग एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा। आंदोलनकारियों ने नारे लगाते हुए कहा कि “हम अब ट्रैफिक जाम से होने वाली असुविधा को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
इसी दौरान रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के महाराष्ट्र महासचिव गौतम सोनावणे ने गोवंडी के शिवाजी नगर म्हाडा कालोनी में पार्टी कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले से निवेदन करेंगे कि मुंबई के उपाध्यक्ष, समाजसेवी शमशेर खान को आगामी मनपा चुनाव में नगरसेवक के लिए उम्मीदवार बनाया जाए।
इस मौके पर मुंबई अध्यक्ष सिद्धार्थ कासारे, दक्षिण मध्य मुंबई जिला अध्यक्ष संजय डोलसे, अनीस पठान, साहेबराव ससाणे, सभाष सालवे, संतोष लाड, सुनील सदाफूले सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।