भिवंडी में हैवी वाहनों पर नो एंट्री (pic credit; social media)
Maharashtra News: बढ़ते यातायात दबाव और शहर की संकरी सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए भिवंडी में हैवी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह आदेश ठाणे शहर यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट ने जारी किया है। इसके लागू होते ही शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लग जाएगी, जिससे ट्रैफिक जाम से लंबे समय से जूझ रहे भिवंडीकरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भिवंडी महानगर की आबादी लगभग 13 लाख से अधिक हो चुकी है। शहर में पंजीकृत सभी तरह के वाहनों की संख्या करीब 4,51,683 तक पहुंच चुकी है। औद्योगिक केंद्र होने की वजह से बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में ट्रक और हैवी गाड़ियां आती हैं, जिससे जाम की समस्या और गहराती जा रही थी।
अधिसूचना के अनुसार गुजरात, वाड़ा और नासिक–मुंबई अंजुरकाटा मार्ग से आने वाले छह पहिया या उससे अधिक क्षमता वाले वाहनों को अब भिवंडी शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को कंजारपट्टी नाका फ्लाईओवर से होकर वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है। वाहन अब चाविन्द्रा, कड़ापे और मानकोली मार्ग होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
कल्याण और मुंबई से वाड़ा–गुजरात की ओर जाने वाले सभी हैवी वाहनों का प्रवेश भी राजनोली नाका और अंजुरपाटा क्षेत्र में स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इन वाहनों को राजनोली नाका से बाएं मुड़कर वाविन्द्र–कंजारपट्टी पुल होते हुए आगे बढ़ना होगा।
यह प्रतिबंध केवल वाणिज्यिक और भारी वाहनों पर लागू होगा। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, पुलिस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इससे बाहर रखा गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि भारी वाहनों की भीड़ कम होने से शहर की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव घटेगा और रोजाना लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।