फुटपाथ पर बैठी मां के पैरों में गिरा लाल, सब्जी बेचकर बेटे को बनाया CRPF जवान, देखें भावुक कर देने वाला VIDEO

Sindhudurg Viral Video: सिंधुदुर्ग में फुटपाथ पर सब्जी बेचती मां के चरणों में गिरा सीआरपीएफ में चयनित बेटा। पिंगुली गांव के गोपाल सावंत के संघर्ष की भावुक कहानी हुई वायरल।
Heartwarming video of Gopal Sawant, a CRPF selectee from Sindhudurg, seeking blessings from his mother selling vegetables on a footpath, goes viral.
बेटा बना CRPF जवान (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gopal Sawant CRPF: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले से सामने आई एक भावुक कर देने वाली कहानी ने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल छू लिया है। जब एक युवक का केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) में चयन हुआ, तो वह सबसे पहले यह खुशखबरी अपनी मां को देने दौड़ पड़ा। मां उस समय रोज़ की तरह फुटपाथ पर सब्जियां बेच रही थीं।

बेटा मां के पास पहुंचते ही उनके पैरों में गिर पड़ा और आशीर्वाद लिया। पहले तो मां को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब बेटे ने बताया कि उसका सीआरपीएफ में चयन हो गया है, तो मां उसे सीने से लगाकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। यह आंसू खुशी और संघर्ष के वर्षों की मेहनत का परिणाम थे।

पिंगुली गांव की कहानी

यह मामला कुडाल तालुका के पिंगुली गांव का है। युवक का नाम गोपाल सावंत है। गोपाल की मां फुटपाथ पर सब्जियां बेचकर परिवार का पालन-पोषण करती थीं। सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने बेटे के सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। गोपाल का लक्ष्य सेना में भर्ती होना था, जिसके लिए वह लंबे समय से कड़ी मेहनत कर रहा था।

जब सीआरपीएफ की चयन सूची में गोपाल का नाम आया, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह दोस्तों के साथ दौड़ते हुए उस जगह पहुंचा, जहां उसकी मां सब्जी बेच रही थीं।

दोस्तों ने कैमरे में कैद किया पल

इस पूरे भावुक क्षण को गोपाल के एक दोस्त ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में यह भी सुना जा सकता है कि वह फुटपाथ की ओर इशारा करते हुए कहता है, “यहीं से सब कुछ शुरू हुआ था। वह हर दिन यहां काम करती थीं ताकि उनका बेटा बड़े सपने देख सके।” वीडियो में मां यह कहते हुए भी सुनाई देती हैं कि, “मैं बस यही चाहती थी कि मेरा बेटा अपने पैरों पर खड़ा हो जाए।”

सोशल मीडिया पर जमकर मिली सराहना

यह वीडियो इंस्टाग्राम यूज़र विलास कुडालकर ने शेयर किया। उन्होंने लिखा कि पिंगुली के शेतकरवाड़ी निवासी गोपाल सावंत अब देश की सेवा करने जा रहे हैं और अपनी मेहनतकश मां को यह खुशखबरी सुनाते वक्त का दृश्य बेहद भावुक है।

सोशल मीडिया पर यूज़र्स लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने लिखा कि आज उस मां को उसकी तपस्या का फल मिला है, तो किसी ने कहा कि ऐसी परवरिश ही सच्ची सफलता की पहचान होती है। कई यूज़र्स ने मां के निस्वार्थ प्रेम और बेटे के संघर्ष को प्रेरणादायक बताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com