

Miss India Earth 2019 Love Jihad Allegation: मिस इंडिया अर्थ 2019 की विजेता सायली सुर्वे एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई ग्लैमर वर्ल्ड की उपलब्धि नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी का एक दर्दनाक मोड़ है। सायली सुर्वे ने इस्लाम त्याग कर दोबारा हिंदू धर्म में वापसी कर ली है। पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ में एक पारंपरिक पूजा और हवन के बाद उन्होंने 'घर वापसी' की और अपना नया नाम 'आद्या सुर्वे' रखा। सायली ने मीरा-भाईंदर के मुस्लिम व्यवसायी आतिफ तासे के साथ साल 2019 में प्रेम विवाह किया था, जिसके लिए उन्होंने अपना धर्म बदलकर 'अतेज़ा तासे' नाम अपनाया था।
मीडिया से बातचीत के दौरान सायली काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने इस शादी को अपने जीवन की सबसे बड़ी भूल करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही उनका मानसिक और शारीरिक शोषण शुरू हो गया था। सायली के चार बच्चे हैं और उन्होंने बताया कि केवल बच्चों के भविष्य और उनके सुरक्षित जीवन के लिए उन्होंने वर्षों तक इस प्रताड़ना को सहन किया। अब उन्होंने न केवल खुद हिंदू धर्म अपनाया है, बल्कि अपने चारों बच्चों के नाम भी बदल दिए हैं ताकि वे अपनी मूल जड़ों और संस्कृति से जुड़े रह सकें।
सायली सुर्वे ने अपनी शादी को 'लव जिहाद' का मामला बताते हुए कहा कि जब उन्होंने धर्म परिवर्तन का फैसला लिया था, तब उनमें उतनी समझ नहीं थी। उन्होंने आतिफ पर आरोप लगाया कि उन्हें धोखे में रखकर और एक अच्छा इंसान होने का नाटक कर निकाह किया गया था। सायली के अनुसार, शादी के बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिसे वे प्रेम समझ रही थीं, वह एक सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने उन महिलाओं को भी आगाह किया जो इसी तरह की परिस्थितियों से गुजर रही हैं, और उन्हें बिना डरे आगे आने और अपनी आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
अपने वैवाहिक जीवन के भयावह अनुभवों को साझा करते हुए सायली ने बताया कि उन्हें बिना किसी गलती के रोज गालियां सुननी पड़ती थीं और उनके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने कहा कि एक समय के बाद यह हिंसा उनकी जिंदगी का सामान्य हिस्सा बन गई थी। सायली ने यह भी आरोप लगाया कि वो लव जिहाद का शिकार हुई हैं, उन पर जबरन नमाज पढ़ने का दबाव बनाया जाता था और यह सिखाया जाता था कि इस्लाम के अलावा अन्य धर्मों में कोई सच्चाई नहीं है। लंबे समय तक विरोध करने के बावजूद उन्हें धार्मिक कट्टरता का सामना करना पड़ा, जिससे तंग आकर उन्होंने अंततः अलग होने का फैसला किया।
सायली ने अपने पति के खिलाफ कई एफआईआर (FIR) दर्ज कराई हैं और जल्द ही अपना विस्तृत बयान दर्ज कराएंगी। उन्होंने बताया कि अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर उन्हें काफी डर सता रहा है, यही वजह है कि वे मुंबई जाने के बजाय पुणे में ही रुकी हुई हैं। पुणे पुलिस उनकी मदद कर रही है और बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम खुद वहां पहुंचेगी। सायली ने कहा कि उनके पास अपनी बात साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं और वे अब न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने को पूरी तरह तैयार हैं।