Nashik News: भाजपा के 72 पार्षदों की मंगलवार को मंत्री गिरीश महाजन की मौजूदगी में बैठक

Nashik BJP Corporators Meeting: नासिक महानगरपालिका में महापौर और उपमहापौर पद के चयन को लेकर भाजपा के 72 पार्षदों की मंत्री गिरीश महाजन की मौजूदगी में अहम बैठक होगी।
https://navbharatlive.com/maharashtra/palghar/vasai-virar-mayor-election-bva-bjp-political-strategy-1547054.html
BJP Nashik Mayor (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Political News: नासिक महानगरपालिका में महापौर और उपमहापौर पद पर किसकी नियुक्ति होगी, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ शहरवासियों की उत्सुकता चरम पर है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने निर्णायक राजनीतिक गतिविधियाँ तेज कर दी हैं। भाजपा के सभी 72 पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे सयाजी होटल में आयोजित की गई है। इस बैठक में राज्य के मंत्री गिरीश महाजन की मौजूदगी रहेगी और इसी दौरान महापौर व उपमहापौर पद के लिए नामों की घोषणा होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

नासिक महानगरपालिका की कुल 122 सीटों में से भाजपा ने 72 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। शिवसेना (शिंदे गुट) के 26, शिवसेना (ठाकरे गुट) के 15, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के 4, कांग्रेस के 3 तथा मनसे व निर्दलीय मिलाकर 2 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। बहुमत के लिए 62 सीटों की आवश्यकता होती है, जबकि भाजपा के पास 10 सीटों का अतिरिक्त बहुमत है। ऐसे में महापौर और उपमहापौरदोनों पदों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

महापौर पद के लिए 16 महिलाओं में से एक का चयन

भाजपा ने इस चुनाव में किसी भी सहयोगी दल के समर्थन की आवश्यकता नहीं होने के स्पष्ट संकेत दिए हैं, जिससे सत्ता का समीकरण एकतरफा नजर आ रहा है। इसके चलते शेष 50 पार्षद विपक्ष में बैठेंगे और विपक्ष के नेता का पद शिवसेना (शिंदे गुट) को मिलने की संभावना है। इससे महायुति के भीतर के राजनीतिक समीकरण भी महानगरपालिका स्तर पर स्पष्ट रूप से सामने आ सकते हैं।

महापौर पद महिला आरक्षण के अंतर्गत होने के कारण भाजपा की 16 महिला पार्षदों में से किसी एक के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। इससे इच्छुक दावेदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। वहीं उपमहापौर पद को लेकर भी कई दावेदार सक्रिय हैं और पार्टी के भीतर जोरदार लॉबिंग चलने की चर्चाएँ हैं।

उपमहापौर पद को लेकर जोरदार रस्साकशी

दोनों पदों के चयन का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। मंगलवार की यह बैठक केवल भाजपा पार्षदों तक सीमित रखी गई है और बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिए जाने की जानकारी सूत्रों ने दी है। कुल मिलाकर, बीते कई दिनों से चल रही अटकलों पर मंगलवार को विराम लगने की संभावना है। नासिक की राजनीति की आगामी पाँच वर्षों की दिशा तय करने वाली यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।

महापौर पद के लिए दावेदार :

हिमगौरी आडके, संध्या अभिजीत कुलकर्णी, दिपाली गणेश गिते, डॉ. योगिता अपूर्व हिरे, चंद्रकला धुमाल, रोहिणी पिंगळे, स्वाती भामरे, माधुरी बोलकर, प्रतिभा बाळासाहेब पवार, डॉ. दिपाली सचिन कुलकर्णी, श्वेता भंडारी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com