
Maharashtra local politics (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nashik Mayor Race: नासिक महानगरपालिका के चुनाव संपन्न होने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। नगरसेवकों के चयन के पश्चात शहर के महापौर पद पर कौन-सी महिला आसीन होगी, इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उत्सुकता चरम पर है। सत्ता समीकरणों के बीच इस प्रतिष्ठित पद के लिए कई महिला दावेदारों के नाम चर्चा में हैं।
आगामी महापौर का कार्यकाल ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नाशिक में सिंहस्थ कुंभ मेले का आयोजन निकट भविष्य में प्रस्तावित है। ऐसे में महापौर का पद केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके साथ भारी जिम्मेदारियां और चुनौतियां भी जुड़ी होंगी। शहर के बुनियादी ढांचे का विकास, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और सिंहस्थ कुंभ के व्यापक नियोजन को सफलतापूर्वक संभालना नए महापौर के लिए एक बड़ी अग्निपरीक्षा होगी।
इसी बीच, नाशिक मनपा के महापौर के लिए निर्धारित आधिकारिक आवास ‘रामायण’ बंगले के सामने लगाया गया एक पोस्टर शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह पोस्टर प्रतीकात्मक रूप से सत्ता संघर्ष और संभावित नेतृत्व परिवर्तन की ओर संकेत कर रहा है।
ये भी पढ़े: नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ: विकास कार्यों की मंत्री महाजन ने की समीक्षा, मिशन मोड के निर्देश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके माध्यम से आगामी महापौर और शहर की भावी राजनीति को लेकर अप्रत्यक्ष संदेश देने का प्रयास किया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन की कमान प्रशासन के साथ मिलकर किस महिला जनप्रतिनिधि के हाथों में सौंपी जाती है।






