दहशत फैलाने की साजिश नाकाम, 2 संदिग्ध हिरासत में, देसी पिस्तौल और 8 जिंदा कारतूस जब्त

Illegal Arms Seized: मालेगांव शहर में स्थानीय अपराध शाखा और किला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्धों से दो देसी पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस जब्त कर दहशत फैलाने की साजिश नाकाम की गई है।
Malegaon Crime News
Illegal Arms Seized:मालेगांव शहर (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Malegaon Crime News: मालेगांव शहर में अवैध घातक हथियार लेकर दहशत फैलाने की तैयारी कर रहे दो संदिग्धों को स्थानीय अपराध शाखा और किला पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई में दो देसी निर्मित पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

नाशिक ग्रामीण जिले में अवैध गतिविधियों के समूल उन्मूलन और आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार (दि. 4 जनवरी) को स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रविंद्र मगर को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी।

अपराध शाखा और किला पुलिस टीम की कार्रवाई

सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और किला पुलिस थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मालेगांव शहर के इस्लामाबाद परिसर में जाल बिछाया। इस दौरान हिदायत शरीफ शेख (उम्र 27 वर्ष, निवासी भारत सिनेमा हॉल के पास, न्यू नाना पेठ, पुणे) और अब्दुल मलिक अकिल अहमद (उम्र 19 वर्ष, निवासी इस्लामाबाद, मालेगांव) को हिरासत में लिया गया। दोनों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो देसी निर्मित पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से घातक अग्निशस्त्र अपने पास रखे हुए थे।

छह गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज

इस संबंध में मालेगांव किला पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी हिदायत शेख पुणे जिले का कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और गंभीर चोट पहुंचाने जैसे कुल छह गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

इन्होंने की कार्रवाई

यह कार्रवाई नासिक ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटील, अपर पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बारवाल और दर्शन दुगड के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रविंद्र मगर, किला पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक सुधीर पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक दत्ता कांभिरे, पुलिस उपनिरीक्षक भूषण चव्हाण तथा पुलिसकर्मी सुभाष चोपड़ा, दत्ता माळी, योगेश कोळी, पंकज भोये, अंबादास डामसे और विजय तावडे शामिल थे।