उद्घाटन के 20 घंटे बाद ही बंद हुआ RTO फ्लाईओवर, एक्सीडेंट के बाद अधिकारियों के फूले हाथ-पैर

RTO Flyover Closed: नागपुर-अमरावती रोड पर काफी इंतजार के बाद आरटीओ फ्लाईओवर जनता के लिए खोला गया था। लेकिन फ्लाईओवर खुलने के 20 घंटे के बाद ही उसे अनिश्चितकाल के लिए बंद करना पड़ गया।
RTO Flyover Closed: नागपुर-अमरावती रोड पर काफी इंतजार के बाद आरटीओ फ्लाईओवर जनता के लिए खोला गया था। लेकिन फ्लाईओवर खुलने के 20 घंटे के बाद ही उसे अनिश्चितकाल के लिए बंद करना पड़ गया।
RTO फ्लाईओवर बंद (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur News: अमरावती रोड पर बने आरटीओ फ्लाईओवर के खुलने का लाखों लोगों को बेसब्री से इंतजार था। वादाखिलाफी और लेटलतीफी के बाद आखिरकार शुक्रवार को इसे जनता के लिए खोला गया। उद्घाटन के अगले ही दिन शनिवार को फ्लाईओवर पर सड़क हादसा हो गया। तिपहिया ऑटो ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस सड़क हादसे से अधिकारी हड़बड़ा गए। आनन-फानन में उद्घाटन के 20 घंटों के भीतर फ्लाईओवर को बंद कर दिया गया। जनता की खुशी कुछ पल भी नहीं रही। फ्लाईओवर बंद होने के कारण दोबारा जन आक्रोश बढ़ने लगा है। ज्ञात हो कि आरटीओ फ्लाईओवर को जनता के लिए खोलने से पूर्व जिम्मेदार अधिकारी कोई न कोई बहाना बनाते रहे। तारीख पर तारीख का खेल चला।

पहले ही दिन सड़क दुर्घटना

31 अगस्त को इसे खोलने का वादा करने के बावजूद 11 दिनों तक वादाखिलाफी की गई। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों फ्लाईओवर को उद्घाटन हुआ। शनिवार को सुबह फ्लाईओवर से भोले पेट्रोल पंप वाले छोर पर उतर रहे गैस सिलेंडर से लदे तिपहिया वाहन ने पैदल सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।

RTO Flyover Closed: नागपुर-अमरावती रोड पर काफी इंतजार के बाद आरटीओ फ्लाईओवर जनता के लिए खोला गया था। लेकिन फ्लाईओवर खुलने के 20 घंटे के बाद ही उसे अनिश्चितकाल के लिए बंद करना पड़ गया।
RTO फ्लाईओवर बंद (सौजन्य-नवभारत)

हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर सीताबर्डी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तिपहिया वाहन चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद फ्लाईओवर को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया।

80 की स्पीड लिमिट

फ्लाईओवर पर 80 किमी प्रति घंटे की स्पीड लिमिट का बोर्ड लगाया गया है। फ्लाईओवर के जरिए यातायात को गति देने के उद्देश्य से यह उचित है लेकिन यही रफ्तार सड़क हादसों को न्योता दे रही है। ताज्जुब की बात यह कि फ्लाईओवर पर सिलेंडर से लदे तिपहिया वाहन को आवाजाही की अनुमति दी गई। इससे यह साफ है कि फ्लाईओवर खोलना मात्र औपचारिकता था। फ्लाईओवर खुलने के बाद अधिकारियों ने हाथ खड़े कर लिए।

अनिश्चितकाल के लिए आवाजाही बंद

सैकड़ों लोगों, विविध संगठनों समेत अन्य ने फ्लाईओवर को खोलने के लिए पूरा जोर लगाया था। 18 महीने की देरी के बाद इसे खोला गया। जनता की खुशी एक दिन भी नहीं रही कि इसे दोबारा बंद कर दिया गया। इसे खोलने के लिए फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई। इससे यह साफ है कि इसे अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। इससे एक बार फिर जनाक्रोश सातवें आसमान पर पहुंच गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com