एसटी संगे तीर्थाटन योजना: किफायती दामों में धार्मिक यात्रा कराएगी महाराष्ट्र सरकार, यहां जानें पूरी डिटेल्स

ST Sange Tirthatan Yojana: बालासाहेब ठाकरे की 100वीं जयंती पर महाराष्ट्र सरकार ने एसटी संगे तीर्थाटन योजना शुरू की। महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को 50% छूट, 75+ को मुफ्त यात्रा मिलेगी।
ST Sange Tirthatan Yojana
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- AI)
Published on: 
Updated on: 

ST Bus Tirth Yatra Scheme: हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे की 100वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के अध्यक्ष तथा महाराष्ट्र राज्य के परिवहन मंत्री द्वारा ‘हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे एसटी संगे तीर्थाटन योजना’ शुरू करने की घोषणा की गई है। इस योजना का उद्देश्य आम नागरिकों और यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक धार्मिक पर्यटन उपलब्ध कराना है।

योजना के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा एसटी यात्रा पर विभिन्न सामाजिक वर्गों को दी जाने वाली सभी रियायतें यथावत लागू रहेंगी। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा किराये में 50 प्रतिशत की छूट, जबकि 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रत्येक एसटी डिपो से न्यूनतम 40 यात्रियों के समूह बनाकर पूर्व-नियोजित तीर्थस्थलों की यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

मांग के अनुसार यदि 40 यात्रियों का समूह उपलब्ध होता है तो डिपो स्तर पर डिपो प्रबंधक के माध्यम से बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। माहवार आने वाले विभिन्न त्योहारों और उत्सवों को ध्यान में रखते हुए स्कूल अवकाश, लगातार छुट्टियों के दौरान अलग-अलग मार्गों पर तीर्थाटन यात्राओं की योजना बनाई जा रही है।

इन तीर्थस्थानों का किया गया शामिल

इन यात्राओं में वर्षाकालीन पर्यटन स्थलों के साथ-साथ श्रावण सोमवार पर महादेव मंदिर दर्शन, अष्टविनायक दर्शन, ज्योतिर्लिंग दर्शन, नवरात्रि में साढ़े 3 शक्तिपीठ दर्शन, तुलजापुर, अक्कलकोट, पंढरपुर दर्शन, किला दर्शन, समुद्री पर्यटन, ठंडे हिल स्टेशन, चिखलदरा अभयारण्य, ताडोबा सहित अनेक धार्मिक व पर्यटन स्थलों को शामिल किया जाएगा। तीर्थ यात्राओं के लिए एक या अधिक दिनों के मार्ग तय किए जाएंगे और दूरी के अनुसार किराया निर्धारित किया जाएगा। महाराष्ट्र राज्य की सीमा के भीतर राज्य शासन द्वारा एसटी बसों में दी जाने वाली सभी रियायतें मान्य रहेंगी। इसके साथ ही यात्रा करने वाले यात्रियों को अपघात सहायता निधि योजना का लाभ भी मिलेगा।

यात्रियों से योजना का लाभ लेने का आह्वान

तीर्थाटन यात्रा के लिए न्यूनतम 35 सीटों का आरक्षण आवश्यक रहेगा। यदि यात्रियों की संख्या कम रहती है तो यात्रा की तिथि बदलने अथवा 100 प्रतिशत किराया वापसी की व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए अग्रिम आरक्षण की सुविधा महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इस योजना के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा और यात्रियों को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत के दर्शन का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। नागपुर विभाग के विभाग नियंत्रक, राज्य परिवहन महामंडल ने यात्रियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com