
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Itwari Nagbhid Rail Line: केंद्रीय बजट के बाद दक्षिण-पूर्व- मध्य रेलवे (दपूम) नागपुर मंडल ने इतवारी–नागभीड़ रेल लाइन को लेकर भरोसा जताया। नागपुर के साथ ही पूरे विदर्भ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही इस परियोजना को बजट में पर्याप्त राशि मिलने की उम्मीद है जिससे वर्ष 2026 के अंत तक इस लाइन का कार्य पूर्ण होने का विश्वास व्यक्त किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि इतवारी-नागभीड़ रेल लाइन की कुल लागत लगभग 2,383 करोड़ रुपये है जिसमें से कुछ राशि पहले ही प्राप्त हो चुकी है। इस परियोजना के तहत अब तक उमरेड तक रेल लाइन का कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य भी इसी वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
डीआरएम गुप्ता ने बताया कि मंडल की चल रही परियोजनाओं में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 15 स्टेशन शामिल हैं। इनमें से 5 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 10 स्टेशनों का कार्य इस बजट राशि से पूरा किए जाने की संभावना है। तीसरी लाइन परियोजना के तहत राजनांदगांव से कलमना तक कुल 228 किलोमीटर की लाइन स्वीकृत है जिसमें से अब तक 217 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। केवल 11 किलोमीटर का घाट सेक्शन शेष है जिसे इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें:- शर्मिला गायकवाड़ बनीं ठाणे की 23वीं मेयर पर नहीं लिया ऑफिस का चार्ज, कहा- ‘भाई’ के आने पर ही कुर्सी पर बैठूंगी
इसके अलावा चौथी लाइन परियोजना में गोंदिया-दुर्ग सेक्शन का कार्य स्वीकृत है और इसका डीपीआर भी पूरा कर लिया गया है। गोंदिया-बल्लारशाह डबलिंग परियोजना के तहत 240 किलोमीटर लाइन का कार्य स्वीकृत होकर शुरू हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से विदर्भ क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।






