पुलिस गिरफ्त में अंतरराज्यीय चोर गैंग
नागपुर: नागपुर पुलिस ने चोरों पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में चोरी करने वाली अंतरराज्यीय चोर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए लाखों को सामान जब्त किया। वहीं दूसरे मामले में सेंधमारी करने वाली गैंग के 3 सदस्यों को पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 4 ने गिरफ्तार कर लिया। 1 आरोपी फरार बताया गया।
नागपुर पुलिस ने चोरी करने वाली अंतरराज्यीय चोर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर 11 लाख 14 हजार 980 रुपए का माल जब्त कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में जोगिंदरसिंह बचपनसिंह शिकलीकर (32), इमरान दिलावर शेख (19) और निशानसिंह जनतसिंह शिकलीकर (31) तीनों जिला नंदुरबार निवासियों का समावेश बताया गया।
आरोपियों ने नागपुर शहर में 2 और नागपुर रेलवे पुलिस थाना अंतर्गत चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरीपटका निवासी नकुल रामकिशनमल बजाज का परिवार घर पर ताला लगाकर सत्संग कार्यक्रम में गया था। किसी ने घर का ताला तोड़कर गहनों समेत 7 लाखा 10 हजार रुपए का माल चोरी कर लिया। जरीपटका थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें:– महाराष्ट्र चुनाव में गूंजेगा हिंदुत्व का मुद्दा, PM मोदी बोले- हिंदुओं में फूट डाल रही कांग्रेस
जांच के दौरान घरफोड़ी विरोधी पथक को आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना मिली। सीसीटीवी से पहचान कर ली गई। सिटी पुलिस ने नंदुरबार पुलिस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गुनाह कबूला। आरोपियों की निशानदेही पर सोने के गहने, नेकलेस और कैश समेत कुल 11.14 लाख रुपए का माल जब्त कर लिया गया।
वहीं दूसरे मामले में सेंधमारी करने वाली गैंग के 3 सदस्यों को पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 4 ने गिरफ्तार कर लिया। 1 आरोपी फरार बताया गया। पकड़े गए आरोपियों में बड़ा ताजबाग निवासी मोहम्मद अरशद सादिक शेख (20), दिघोरी निवासी हर्षल ज्ञानेश्वर गवाडे (24) और बड़ा ताजबाग निवासी शेख सुलतान शेख समशेर (22) का समावेश बताया गया। फरार आरोपी सिविल लाइंस निवासी अजय संजय सारवन (19) की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें:– महायुति में सीट शेयरिंग से पहले बवाल, नांदगांव पर भुजबल की नजर, शिंदे गुट ने उठाए सवाल
मिली जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर को जरीपटका निवासी विशाल पंजाबराव ठवडे (40) घर पर ताला लगाकर बाहर गए थे। अज्ञात आरोपियों ने पीड़ित के घर में चोरी कर ली। जरीपटका थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त चोरी कबूली। तुरंत तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिक पूछताछ में आरोपियों ने 1 और चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूला। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वाहन और गहनों समेत कुल 2 लाख 83 हजार रुपए का माल जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।