मानकापुर फ्लाईओवर खुला, मिली राहत, जानलेवा दुर्घटना के बाद खुलीं प्रशासन की आंखें, चुनौती कायम

Mankapur Flyover Open: 17 सितंबर की देर रात मानकापुर का फ्लाईओवर खोल दिया गया है। मानकापुर फ्लाईओवर पर स्कूल बस वैन हादसे के बाद इसे बंद किया गया था।
Mankapur Flyover Open: 17 सितंबर की देर रात मानकापुर का फ्लाईओवर खोल दिया गया है। मानकापुर फ्लाईओवर पर स्कूल बस वैन हादसे के बाद इसे बंद किया गया था।
मानकापुर फ्लाईओवर (फाइल फोटो)
Updated on

Mankapur Flyover: नागपुर में लंबे समय से अटका मानकापुर फ्लाईओवर आखिरकार जनता के लिए खोल दिया गया। बुधवार देर रात 17 सितंबर को तड़के 1.15 बजे कोराडी-सावनेर राष्ट्रीय महामार्ग पर स्थित इस उड़ान पुल का काम अधूरा छोड़ने से यहां यातायात में भारी अव्यवस्था और लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। इसी लापरवाही के चलते एक स्कूली छात्र और एक वाहन चालक की मृत्यु भी हो चुकी है। नागरिकों की लगातार मांग और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद यह पुल आखिरकार आधिकारिक रूप से यातायात के लिए शुरू हो गया।

महीनों से अधूरा काम, कछुआ गति

यह फ्लाईओवर ओरिएंटल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के अधीन बनाया जा रहा था लेकिन कई महीनों से काम अधूरा पड़ा था। स्थानीय नागरिकों और संगठन के प्रतिनिधियों ने कई बार इस मामले में संबंधित विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और प्रकल्प अधिकारी को निवेदन दिया। बावजूद इसके काम में तेजी नहीं आई। नागरिकों के आक्रोश और आंदोलन के बाद मामला उच्च स्तर तक पहुंचा। इस संदर्भ में पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डॉ. श्रीकांत शिंदे तक जानकारी पहुंचाई गई। अंततः केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हस्तक्षेप और पहल से यह फ्लाईओवर जनता के लिए खोलने का निर्णय हुआ। रविवार देर रात ही कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया और पुल यातायात हेतु खोल दिया गया।

राहत मिली, खतरा बरकरार

फ्लाईओवर खुलने से नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। अब तक कोराडी-सावनेर मार्ग पर भारी जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती थी। फिलहाल केवल आंशिक रूप से यातायात सुचारु हुआ है। पुल की गुणवत्ता, अधूरा पड़ा कार्य और सुरक्षा मानकों पर अभी भी सवाल बरकरार हैं। यही कारण है कि राहत के साथ नागरिकों के मन में चुनौतियों की चिंता भी बनी हुई है। इस अवसर पर उपशहर प्रमुख रवि चुरागले और महेश ठाकुर ने बताया कि पुल खोलने के लिए उन्होंने लगातार निवेदन दिया और फॉलोअप किया।

वहीं, शिवसेना महिला संघटिका तालुका प्रमुख प्रियंका मोटकर, विधानसभा संघटक गणेश सोलंके तथा अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। स्थानीय नागरिकों ने पुल खोलने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया लेकिन यह भी अपेक्षा जताई कि शेष अधूरा काम जल्द से जल्द पूर्ण हो और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com