ध्रुव जुरेल ने योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, CM को भेंट की टीम इंडिया की कैप और जर्सी

Dhruv Jurel: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने टीम इंडिया की कैप और जर्सी भेट की। जुरेल आईपीएल और टेस्ट में उज्जवल भविष्य के प्रतीक हैं।
Dhruv Jurel meet Yogi Adityanath
ध्रुव जुरेल और योगी आदित्यनाथ (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Dhruv Jurel meet Yogi Adityanath: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रविवार को मुलाकात की। इसकी जानकारी उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी है। ध्रुव जुरेल ने अपने एक्स अकाउंट पर योगी आदित्यनाथ के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की है।

उन्होंने कैप्शन में लिखा, "आशीर्वाद, स्नेह और शुभकामनाओं के साथ एक खास मुलाकात, योगी आदित्यनाथ के साथ। राधे राधे।" इस दौरान ध्रुव जुरेल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भारतीय टीम की कैप और जर्सी भेंट की।

ध्रुव जुरेल उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से संबंध रखते हैं। उनका नाम देश के उभरते हुए युवा विकेटकीपर बल्लेबाजों में लिया जाता है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में डेब्यू का मौका मिला है। जुरेल ने टीम इंडिया के लिए खेलते हुए खासकर टेस्ट फॉर्मेट में अपनी क्षमता साबित की है।

फरवरी 2024 में ध्रुव जुरेल ने किया था डेब्यू

फरवरी 2024 में भारतीय टीम के लिए टेस्ट में डेब्यू करने वाले ध्रुव जुरेल अब तक 9 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 459 रन बना चुके हैं। वहीं 6 जुलाई 2024 को टी20 में भी उन्होंने पदार्पण किया था। वह अब तक 4 टी20 मैच खेल चुके हैं। वनडे फॉर्मेट में उनका डेब्यू बाकी है।

राजस्थान रॉयल्स से खेलते हैं आईपीएल

जुरेल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं। 2023 से राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा जुरेल को 2025 सीजन से पहले टीम ने 14 करोड़ में रिटेन किया था। तीन सीजन के 42 मैचों में 4 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 680 रन बनाए हैं।

ध्रुव उत्तर प्रदेश की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। 33 प्रथम श्रेणी मैचों में 5 शतक और 14 अर्धशतक की मदद से 2,311 रन और 17 लिस्ट ए मैचों में 2 शतक और 6 अर्धशतक की मदद से 747 रन बना चुके हैं। हाल में संपन्न दलीप ट्रॉफी में वह सेंट्रल जोन के कप्तान भी थे।

टेस्ट में पंत का विकल्प बने जुरेल

टेस्ट फॉर्मेट में ऋषभ पंत के विकल्प के रूप में जुरेल तेजी से अन्य विकेटकीपरों को पीछे छोड़ते हुए आगे आए हैं। खराब प्रदर्शन की वजह से पंत वनडे और टी20 टीम से ड्रॉप हो चुके हैं। अगर उनका प्रदर्शन टेस्ट में भी खराब होता है और वह टीम से बाहर होते हैं, तो भारतीय टीम मैनेजमेंट सबसे पहले बतौर विकेटकीपर जुरेल की तरफ ही देखेगा। इस तरह जुरेल का भविष्य उज्जवल माना जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com