कांग्रेस ने निकाला तो भाजपा में जगह तलाश रहीं नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी, BJP की तारीफ तो राहुल गांधी पर हमला

Punjab Congress News : अमृतसर ईस्ट क्षेत्र की पूर्व विधायक नवजोत कौर को कांग्रेस ने सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने 31 जनवरी को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। पूर्व विधायक ने राहुल गांधी हमला बोला है।
Navjot Singh Sidhu wife is seeking a place in the BJP after being expelled from the Congress, praising the BJP and attacking Rahul Gandhi
नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर। इमेज-सोशल मीडिया
Updated on

Are Sidhu looking towards BJP : पंजाब की सियासत में इन दिनों अजीब-सी बेचैनी है, जिसका केंद्र बिंदु फिर सिद्धू परिवार बना है। कांग्रेस के अंदर लंबे समय से हाशिए पर चल रहे दिग्गज नेता नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के तेवरों ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या यह जोड़ा अपनी पुरानी सियासी जमीन यानी भारतीय जनता पार्टी (BJP) में घर वापसी की तैयारी कर रहा है?

दिसंबर 2025 से शुरू हुआ यह विवाद अब चरम पर पहुंच चुका है। अमृतसर ईस्ट की पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू को पहले कांग्रेस ने निलंबित किया और फिर 31 जनवरी को उनके इस्तीफे के बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित करने में देरी नहीं की। कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल द्वारा की गई इस घोषणा पर नवजोत सिंह सिद्धू का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के लिए पप्पू जैसे अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल कर दिया। जो अमूमन विरोधी दल तंज कसने के लिए इस्तेमाल करते हैं। सिद्धू का यह बयान कांग्रेस के साथ उनके रिश्तों में आए आखिरी दरार की गवाही दे रहा है।

पीएम मोदी की तारीफ और राजा वारिंग पर वार

इन दिनों सिद्धू दंपति के निशाने पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग हैं। नवजोत कौर ने वारिंग पर भ्रष्टाचार और पार्टी के भीतर गुटबाजी को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि जहां वे अपनी पार्टी की लीडरशिप को कोस रही हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की कार्यप्रणाली की जमकर तारीफ कर रही हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे भाजपा में वापसी की जमीन तैयार करने के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

मुख्यमंत्री पद की शर्त और आंतरिक कलह

नवजोत कौर ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया था कि यहां मुख्यमंत्री का चेहरा बनने के लिए भारी-भरकम सूटकेस की जरूरत होती है। उन्होंने साफ किया कि नवजोत सिंह सिद्धू तभी सक्रिय होंगे जब उन्हें सीएम पद का ऑफर मिलेगा। हालांकि, पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह नामुमकिन लगता है, क्योंकि वहां पहले से ही पांच दावेदार खुद को मुख्यमंत्री के तौर पर पेश कर रहे हैं। वर्तमान हालात बताते हैं कि सिद्धू परिवार और कांग्रेस के बीच सुलह के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। अब देखना यह है कि क्या भाजपा अपने इस पुराने और मुखर साथी के लिए दोबारा दरवाजे खोलती है या नहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com