
ट्रेन में बैठे यात्री को पत्थर मारता आरोपी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Local Passenger Injured: मुंबई लोकल में यात्रियों के बीच बाद विवाद से हो रही दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजी घटना पश्चिम रेलवे के बांद्रा स्टेशन की है, जहां दो यात्रियों के बीच विवाद के बाद हुई पत्थरबाजी का शिकार हुए तीसरे युवक की आंख की रोशनी चली गई। बताया गया कि इस अजीबोगरीब घटना में अपनी एक आंख गवांने वाले 28 साल के निशांत खत्री की हाल ही में सगाई हुई थी।
योगेंद्र बौध को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से यूपी के आज़मगढ़ का रहने वाला योगेंद्र यहां वसई में रहता था। यह घटना मंगलवार रात बांद्रा स्टेशन पर घटी, जब आरोपी योगेंद्र बौध का एक अन्य यात्री के साथ विवाद हुआ और उसने उस पर पत्थर फेंका। पत्थर दूसरे यात्री निशांत खत्री को लगा और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान आरोपी फरार हो गया।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra | A man has been arrested for allegedly throwing stones at a person at Bandra station following an argument. The argument quickly turned violent, and one of them got off the local train and attacked the other with a stone he picked up from the… pic.twitter.com/0oBtTDnbpl — ANI (@ANI) February 6, 2026
निशांत खत्री, जिनकी एक आंख को स्थायी रूप से नुकसान पहुंचा है, उन्होंने बताया कि इस घटना के कारण उनका जीवन बर्बाद हो गया है। उन्होंने कहा कि “मेरी आंख से खून बह रहा था, लेकिन किसी ने भी चेन नहीं खींची। मुझे चलती ट्रेन से कूदना पड़ा और खून से लथपथ होकर स्टेशन मास्टर के दफ्तर तक पहुंचना पड़ा।” खत्री के अनुसार आगे की कार्रवाई होने से पहले उन्हें स्टेशन मास्टर के दफ्तर में 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने अपने भाई को फोन किया, जो तुरंत मौके पर पहुंचा।
रेलवे पुलिस को मिली सूचना के बाद खत्री को भाभा अस्पताल ले जाया गया। वहां भी रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) मौजूद नहीं थे। वार्ड बॉय ने पट्टी बांधी और इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। पत्थर लगने से खत्री की बाईं आंख के निचले हिस्से में 4 इंच गहरा और 4 सेंटीमीटर लंबा घाव हो गया था। हिंदुजा अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनकी बाईं आंख की रोशनी कभी वापस नहीं आएगी।
यह भी पढ़ें:- अजित पवार की मौत पर रोहित पवार का बड़ा बयान, 10 फरवरी को होगा सनसनीखेज खुलासा!
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना का वीडियो कैद हो गया। वीडियो में एक व्यक्ति लोकल ट्रेन से उतरकर पटरियों से पत्थर उठाता हुआ दिखाई दे रहा है। फिर वह ट्रेन के अंदर बैठे एक व्यक्ति पर पत्थर फेंकता है और भाग जाता है। कुछ ही देर बाद लोकल भी आगे चल पड़ती है। गौरतलब है कि इसी तरह पिछले सप्ताह चलती लोकल में हुए वाद विवाद में मलाड में एक यात्री को चाकू मार दिया था। मालाड रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना में एक युवा प्रोफेसर की मौत हो गई थी। मुंबई लोकल में भारी भीड़ के चलते यात्रियों के बीच वाद विवाद की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।






