Fraud: फर्जी नौसेना अधिकारी बनकर ठगी, दो बेटियों की नौकरी के नाम पर ठग ले उड़ा पैसे

Indian Navy Job Fraud: मुंबई में बेस्ट उपक्रम की एक महिला कंडक्टर से भारतीय नौसेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.01 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने खुद को नौसेना अधिकारी बताकर जाली दस्तावेज दिखाए।
Fraud Case
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Fraud Case: बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम की एक महिला कंडक्टर के साथ भारतीय नौसेना में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को नौसेना अधिकारी बताकर पीड़िता से करीब 2.01 लाख रुपये ऐंठ लिए।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सारिका रोकड़े (40) की जून 2025 में जेजे अस्पताल बस स्टॉप पर ड्यूटी के दौरान विनोद गायकवाड़ नामक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को भारतीय नौसेना का अधिकारी बताया और बातचीत के दौरान उनका भरोसा जीत लिया।

दो बेटियों को नौकरी दिलाने का लालच

आरोपी ने शिकायतकर्ता की दो बेटियों को भारतीय नौसेना में क्लर्क पद पर नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया। भरोसा बढ़ाने के लिए उसने जाली पहचान पत्र और फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिखाए। इतना ही नहीं, उसने ऑनलाइन भुगतान की रसीदें दिखाकर पूरे मामले को वास्तविक साबित करने की कोशिश की।

अलग-अलग बहानों से वसूली गई रकम

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने मेडिकल सर्टिफिकेट, वर्दी की सिलाई, छात्रावास शुल्क और सुरक्षा जमा जैसे कई बहाने बनाकर अलग-अलग समय पर ऑनलाइन भुगतान करवाए। इस तरह पीड़िता से कुल 2.01 लाख रुपये वसूल लिए गए।

ट्रेनिंग और ज्वाइनिंग टलने से बढ़ा शक

काफी समय बीतने के बाद भी जब ट्रेनिंग और ज्वाइनिंग की तारीखें बार-बार टलती रहीं, तो शिकायतकर्ता को संदेह हुआ। दस्तावेजों की जांच करने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और उसके खिलाफ पहले दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी के झांसे में न आएं और किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले पूरी जांच करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com