
जल संकट (सौ. सोशल मीडिया )
Pune News In Hindi: पुणे शहर एक बार फिर गंभीर जल संकट की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। पुणे महानगरपालिका के चिखली जल शोधन केंद्र को पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन में बड़े पैमाने पर रिसाव होने से शहर के कई हिस्सों में अगले 8 से 10 दिनों तक पानी की आपूर्ति बाधित रहने की आशंका जताई जा रही है।
मनपा अधिकारियों के अनुसार, पवना डैम से चिखली जल शोधन केंद्र तक पानी लाने वाली 700 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन रावेत इलाके के पास एक नाले में अचानक फट गई। पाइपलाइन फटने से हजारों लीटर पानी बहकर व्यर्थ जा रहा है, जिससे जल संकट और गहरा सकता है।
पाइपलाइन जिस स्थान पर फटी है, वह इलाका मरम्मत के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण मशीनरी और कर्मचारियों को मौके तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। मनपा प्रशासन का कहना है कि तकनीकी समस्याओं के चलते मरम्मत कार्य अपेक्षा से अधिक समय ले सकता है।
हालांकि, जल आपूर्ति विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अतिरिक्त पंपिंग और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।
ये भी पढ़ें :- Best Livable City In India: बेंगलुरु को पीछे छोड़ पुणे बना नंबर-1, महाराष्ट्र के चार शहर टॉप-10 में
मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में पानी का संयमित उपयोग करें। अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन की स्थिति को देखते हुए जल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने में कम से कम 10 दिन का समय लग सकता है।






