'अगली बार छाती पर चलेगी गोली', रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Rohit Shetty Firing News: रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। शुभम लोंकर ने पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेते हुए खौफनाक धमकी दी है।
Rohit Shetty Firing News Lawrence Bishnoi Gang
Rohit Shetty Firing News Lawrence Bishnoi Gang (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on
Updated on

Lawrence Bishnoi Gang Responsibility: शनिवार देर रात फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग ने अब एक खतरनाक मोड़ ले लिया है। इस हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य ने ली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट में न केवल इस हमले को अंजाम देने का दावा किया गया है, बल्कि रोहित शेट्टी और पूरे बॉलीवुड को भविष्य के लिए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है। इस खुलासे के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए गैंगस्टर लिंक को गहराई से खंगालना शुरू कर दिया है।

शुभम लोंकर 'आरजू बिश्नोई' नाम के एक व्यक्ति ने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि रोहित शेट्टी के घर (शेट्टी टॉवर) पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी वह खुद लेता है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि रोहित शेट्टी को पहले कई बार उनके काम में दखल न देने की चेतावनी दी गई थी, जिसे नजरअंदाज किया गया। इस पोस्ट ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था और बॉलीवुड हस्तियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।

'अगली बार बेडरूम के अंदर चलेगी गोली'

वायरल पोस्ट में हमलावर ने बेहद आक्रामक लहजे का इस्तेमाल किया है। शुभम लोंकर ने लिखा, "यह तो सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर है। अगर उसे (रोहित शेट्टी) हमारी बात समझ नहीं आई, तो अगली बार गोली घर के बाहर नहीं, बल्कि बेडरूम के अंदर उसकी छाती पर चलेगी।" पोस्ट में सीधे तौर पर रोहित शेट्टी की जान लेने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही, पूरे बॉलीवुड को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि जो भी उनके रास्ते में आएगा, उसका अंजाम बहुत बुरा होगा।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का दिया हवाला

धमकी देने वाले शख्स ने पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या का जिक्र करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की है। पोस्ट में लिखा है, "समय रहते सुधर जाओ, वरना तुम्हारा हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा करेंगे। हमने जिन-जिन लोगों को फोन किया है, वे लाइन पर आ जाएं, वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी।" इस संदर्भ ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि बाबा सिद्दीकी मामले में भी बिश्नोई गैंग का हाथ होने की बात सामने आई थी।

पुलिस की कार्रवाई और गैंगस्टर लिंक की जांच

हालांकि मुंबई पुलिस ने आधिकारिक तौर पर बिश्नोई गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है, लेकिन क्राइम ब्रांच के सूत्रों का कहना है कि वे इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रहे हैं। इस मामले में पुणे पुलिस ने पहले ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह पोस्ट वास्तव में गैंग की ओर से किया गया है या किसी ने माहौल बिगाड़ने के लिए इसका इस्तेमाल किया है। रोहित शेट्टी की सुरक्षा को फिलहाल 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com