अकोला में भाजपा शहर सुधार आघाड़ी की जीत, जात-पात से ऊपर उठकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प

Akola Bjp News: अकोला में भाजपा शहर सुधार आघाड़ी ने सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। विधायक रणधीर सावरकर ने कार्यकर्ताओं से समाजसेवा और पार्टी के फैसलों के साथ खड़े रहने की अपील की।
BJP Urban Improvement Front wins in Akola, resolves to rise above caste and creed for the overall development of the region
रणधीर सावरकर तस्वीर सर्वांगीण विकास का संकल्प (सोर्सः नवभारत)
Published on
Updated on

 Akola Municipal Corporation Results: अकोला महानगर में भारतीय जनता पार्टी की शहर सुधार आघाड़ी ने नागरिकों के विश्वास को कायम रखते हुए जात-पात और धर्म से परे सर्वांगीण विकास का संकल्प व्यक्त किया है। विधायक रणधीर सावरकर ने कहा कि अकोला महानगर के नागरिकों के विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। विकास ही हमारा सूत्र है और इसी उद्देश्य को लेकर शहर सुधार आघाड़ी कार्यरत रहेगी। उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ता कम मतों से पराजित हुए हैं, लेकिन उन्हें हताश होने की आवश्यकता नहीं है।

सामाजिक उपक्रमों के माध्यम से उन्हें अपनी और पार्टी की छवि को ऊंचा उठाना चाहिए। सावरकर ने स्पष्ट किया कि पार्टी हमारी मां है और पार्टी द्वारा लिए गए निर्णयों के पीछे दृढ़ता से खड़ा रहना ही कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के कामकाज पर लगातार नजर रखती है, इसलिए सभी को बड़े उद्देश्य के साथ पार्टी के साथ खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी के विरोध में काम करने वालों का सम्मान नहीं किया जाएगा।

विधायक सावरकर ने इस विजय को अकोला की जनता और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की आत्मा हैं और अकोला के नागरिक हमारी ताकत हैं। राजराजेश्वर नगरी का प्रेम और विश्वास कायम रखते हुए महायुति सरकार शहर सुधार आघाड़ी के माध्यम से जनता से किए गए वचनों की पूर्ति करेगी। यह कार्यक्रम शारदा खेडकर को महापौर और अमोल गोगे को उपमहापौर पद पर निर्वाचित किए जाने के बाद भाजपा कार्यालय में आयोजित किया गया।

राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीतदादा पवार के निधन के कारण राजनीतिक शोक घोषित किया गया था, इसलिए इस कार्यक्रम में न आतिशबाजी की गई, न घोषणाबाजी और न ही फूल-मालाएं स्वीकार किए गए। कार्यक्रम का आयोजन सादगीपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयंत मसने ने की। मंच पर सांसद अनूप धोत्रे, विजय अग्रवाल, संतोष शिवरकर, किशोर पाटिल, वसंत बाछुका, शारदा खेडकर, अमोल गोगे, वैशाली शेलके, पूजा गावंडे, ऊषा विरक, कृष्णा शर्मा, माधव मानकर, अंबादास उमाले, आम्रपाली उपरवट, चंदा शर्मा, डा। किशोर मालोकार, सिध्दार्थ शर्मा, संजय गोटफोडे और एड। देवाशीष काकड उपस्थित थे।

अंतिम घटक की सेवा के लिए कटिबद्ध

सांसद धोत्रे सांसद अनूप धोत्रे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जय और पराजय से हतबल नहीं होते, बल्कि आत्मचिंतन कर समाजसेवा और समाज के अंतिम घटक की सेवा के लिए कटिबद्ध रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह विजय मित्रपक्षों के सहयोग से प्राप्त हुई है और यह विजय शहर के विकास के लिए है। भाजपा की शहर सुधार आघाड़ी ने अकोला महानगर के नागरिकों के विश्वास को कायम रखते हुए सर्वस्पर्शी विकास का संकल्प दोहराया और कार्यकर्ताओं को समाजसेवा के माध्यम से पार्टी की छवि को और ऊंचा उठाने का संदेश दिया।

विजय रथ निरंतर आगे बढ़ता रहेगा

अग्रवाल विजय ने कहा कि विजय देशमुख, संग्राम गावंडे, विधायक अमोल मिटकरी, सुनील मेश्राम, रफिक सिद्दिकी और ऊषा विरक के सहयोग से शहर सुधार आघाड़ी को यह विजय मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के बल पर विजय रथ निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। इस अवसर पर जयंत मसने, किशोर पाटिल और संतोष शिवरकर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद तथा जिला प्रमुख गिरीश जोशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन गुटनेता पवन महल्ले ने किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com