नवभारत कॉन्क्लेव में अमित साटम (pic credit; social media)
Amit Satam in Navbharat Conclave: नवभारत इंफ्रास्ट्रक्चर एंड रियल एस्टेट कॉनक्लेव में मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई का इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। कोस्टल रोड, मेट्रो नेटवर्क, अटल सेतु, जल यातायात और अन्य परियोजनाएं उच्च गति से चल रही हैं। अगले 2 से 4 वर्षों में मुंबई वास्तविक रूप से ग्लोबल सिटी के रूप में उभरने लगी है।
साटम ने कहा कि 1960 में महाराष्ट्र राज्य की स्थापना के बाद 1970 में मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने के लिए समुद्री सेतु बनाने की योजना बनाई गई थी। यह योजना मोदी सरकार आने के बाद 2014 में साकार हुई और आज अटल सेतु देश का सबसे बड़ा समुद्री पुल बन गया है। मुंबई में ट्रैफिक कम करने के लिए कोस्टल रोड और 350 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क का निर्माण चल रहा है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल से वायु प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का समय बचेगा। मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो 3 के साथ लॉन्च किए गए मुंबई वन कार्ड से ट्रेन, मेट्रो, बस, मोनो और जल यातायात की सुविधा एक ही क्लिक में मिलेगी। इससे शहर का परिवहन पूरी तरह एकीकृत और इको-फ्रेंडली होगा।
अमित साटम ने कहा कि मुंबई को केवल महापौर की सत्ता तक सीमित नहीं देखना चाहिए। बीएमसी के विकास कार्यों को तेजी देना और शहर को ग्लोबल सिटी बनाना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन और एसटीपी प्लांट के जरिए गंदे पानी को प्रोसेस कर समुद्र में छोड़ने की योजना पर काम चल रहा है।
कॉन्क्लेव में पूज्य डॉ. ज्ञानवत्सल स्वामी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ-साथ मानवता, नैतिकता और आंतरिक विकास भी जरूरी है। उन्होंने विश्व के 60 देशों में 80 से अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का जिक्र किया और कहा कि विकास के साथ समाज को भी लाभ पहुंचाना प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए।
साटम ने रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर में स्पीड और क्वालिटी बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के जरिए मुंबई का वातावरण स्वच्छ होगा, जीवन सरल और शहर वास्तव में एक आधुनिक ग्लोबल सिटी के रूप में उभरेगा।