'TMC की जीत से भाजपा परेशान', आनंद दुबे ने की ममता बनर्जी की तारीफ, राहुल-तेजस्वी के लिए कही ये बात

Maharashtra News: शिवसेना (यूबीटी) के आनंद दुबे ने ममता बनर्जी की बंगाल सरकार की तारीफ की। वहीं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का समर्थन किया और बिहार चुनाव में निष्पक्षता की बात कही।
Anand Dubey praised Mamata Banerjee
आनंद दुबे व ममता बनर्जी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Anand Dubey Praised Mamata Banerjee: शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीएमसी पिछले 15-20 वर्षों से लगातार जीत रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि राज्य में विकास कार्य हो रहे हैं।

आनंद दुबे ने कहा कि कोलकाता को सुरक्षित शहर मानना भाजपा को खलता है, क्योंकि पार्टी वहां लंबे समय से अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है। टीमएसी की लगातार जीत से भाजपा परेशान है।

दुबे ने बताया कि बंगाल की जनता ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर भरोसा जताया है, जिन्होंने हमेशा स्थानीय लोगों के लिए आवाज उठाई। उनका कहना था कि गैर-भाजपाई सरकारों की उपलब्धियों को स्वीकार करना भाजपा को स्वीकार नहीं होता, इसलिए वह असहज रहती है।

राहुल गांधी का किया समर्थन

राहुल गांधी द्वारा कोलंबिया में भाजपा और आरएसएस पर किए गए टिप्पणी पर दुबे ने कहा कि राहुल गांधी देश में बढ़ती तानाशाही और अहंकार के खिलाफ चेतावनी दे रहे हैं, जो लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल ने आरएसएस पर कोई आरोप नहीं लगाया, बल्कि भाजपा और मोहन भागवत उस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। राहुल गांधी सुशासन, बेरोजगारी समाप्ति, आर्थिक मजबूती और स्वतंत्र भारत की दिशा में काम करने की बात कर रहे हैं।

चुनाव आयोग भाजपा की मदद करता है: दुबे

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दुबे ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष होने चाहिए और चुनाव आयोग को सभी पक्षों के प्रति समान दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार चुनाव आयोग भाजपा की मदद करता है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

दुबे ने कहा कि इस बार बिहार चुनाव लोकतंत्र और तानाशाही के बीच संघर्ष होगा, जहां जनता की आवाज उठाने वाले नेता जैसे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अहंकारी ताकतों के सामने हैं।

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के कांग्रेस से गठबंधन न करने के बयान पर दुबे ने कहा कि राजनीतिक दलों को यह अधिकार होता है कि वे किसके साथ गठबंधन करें। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में पार्टियां स्वतंत्र निर्णय लेती हैं। हालांकि, राष्ट्रीय चुनावों में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। राज्यों में इसका उद्देश्य भाजपा को सत्ता से हटाना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com