'राहुल गांधी सीरियल लायर हैं', कांग्रेस नेता के कोलंबिया में दिए बयान पर आगबबूला हुए CM फडणवीस

Devendra Fadnavis: राहुल गांधी के कोलंबिया में दिए गए बयान को लेकर महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उन पर जमकर निशाना साधा है। फडणवीस ने उन्हें ‘सीरियल लायर’ करार दिया।
CM Fadnavis On Rahul Gandhi
सीएम देवेंद्र फडणवीस व राहुल गांधी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CM Fadnavis On Rahul Gandhi: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी के हाल ही में कोलंबिया में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने उन्हें “सीरियल लायर” करार दिया और कहा कि राहुल गांधी भारतीय संविधान और लोकतंत्र की ताकत पर भरोसा ही नहीं करते।

सोमवार को मीडिया से बात करते हुए फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी भारतीय संविधान की ताकत पर बिल्कुल विश्वास नहीं करते। इसका कारण यह है कि वह भारत का इतिहास जानते नहीं हैं। उनकी दादी इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर संविधान को बदलने और देश में एकाधिकारशाही लाने की कोशिश की थी, लेकिन भारत की जनता ने उसे पलट दिया। यही है भारत का लोकतंत्र, जो हमें बाबासाहेब अंबेडकर ने दिया है।

देवेंद्र फडणवीस इसमें किसी की ताकत नहीं है कि वह इसे कमजोर कर सके। राहुल गांधी का दिमाग कमजोर है और इसलिए मैं बार-बार कहता हूं कि वह सीरियल लायर हैं।

कांग्रेस लोकतंत्र को नहीं समझता

सीएम फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी के बयान से यह साफ होता है कि कांग्रेस नेतृत्व न तो भारतीय लोकतंत्र की गहराई समझता है और न ही जनता की ताकत पर भरोसा करता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता बार-बार यह दिखा चुकी है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता नहीं करेगी।

इस दौरान सीएम ने साइबर अपराध को लेकर भी गंभीर चिंता जाहिर की। साइबर जागरूकता माह के उद्घाटन पर उन्होंने कहा कि आज देश और राज्य के सामने साइबर अपराध एक नई और बड़ी चुनौती के रूप में खड़ा है।

साइबर क्राइम पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री फडणवीस कहा कि आज स्ट्रीट क्राइम से ज्यादा साइबर क्राइम का खतरा बढ़ रहा है। फिशिंग, फाइनेंशियल फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, जबरन वसूली और साइबर बुलिंग जैसी घटनाएं बड़े पैमाने पर सामने आ रही हैं। यह समाज के लिए एक नई चुनौती है।

फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने देश का सबसे बेहतर साइबर सुरक्षा सेंटर तैयार किया है और इससे अपराध पर नियंत्रण की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि केवल सुरक्षा ढांचा खड़ा करने से समस्या हल नहीं होगी।

सीएम ने कहा कि इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि अपराध हो ही न। इसके लिए जागरूकता फैलाना जरूरी है, खासकर विद्यार्थियों के बीच। हम साइबर क्राइम से बचाव के लिए समाज को सजग करने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com