अकोला: छुट्टियों और सुहावने मौसम में पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़, ज्ञानगंगा से चिखलदरा तक बनी पहली पसंद

Akola News: छुट्टियों और सुहावने मौसम के चलते अकोला के पास ज्ञानगंगा, चिखलदरा और नरनाला में पर्यटकों की भारी भीड़ एडवांस बुकिंग न मिलने से कई निराश, वन्यजीवों और प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठा रहे लोग।
Akola: Crowds flock to tourist destinations during holidays and pleasant weather, first choice from Gyanganga to Mukhaldara, all resorts 'houseful'
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Akola Tourism News: पर्यटन हर व्यक्ति के जीवन का प्रिय विषय है और इसके लिए लोग उपयुक्त समय व वातावरण की तलाश करते हैं। वर्तमान में सरकारी छुट्टियों और आल्हाददायी मौसम के चलते पर्यटन को विशेष पसंद किया जा रहा है। यही कारण है कि जिले और आसपास के सभी पर्यटन स्थल हाउसफुल दिखाई दे रहे हैं।

कई पर्यटकों को तो एडवांस बुकिंग न मिलने के कारण अपने कार्यक्रमों में अंतिम समय पर बदलाव करना पड़ा है। पिछले कुछ वर्षों में पर्यटन क्षेत्र बड़े कारोबार का केंद्र बन गया है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सरकार, व्यवसायी और स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दिन-ब-दिन पर्यटन स्थलों पर आने वालों की संख्या बढ़ रही है और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विज्ञापन और प्रचार-प्रसार पर भी बड़ा खर्च किया जाता है। साथ ही, दैनिक कामकाज का बढ़ता तनाव और थकान दूर करने के लिए लोग पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। यही कारण है कि जिले के सभी प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है और कई लोग आसपास के जिलों के स्थलों को भी चुन रहे हैं।

ज्ञानगंगा अभयारण्य की बढ़ती लोकप्रियता

अकोला से मात्र 72 किमी दूर बुलढाना जिले में स्थित ज्ञानगंगा अभयारण्य पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। यहां विभिन्न प्रकार के वृक्ष, लताएं और पक्षी प्रजातियां देखने को मिलती हैं। साथ ही यह क्षेत्र कई वन्य प्राणियों का अधिवास है।

तेंदुआ और भालू के लिए प्रसिद्ध इस अभयारण्य में इस वर्ष बाघ की भी एंट्री हुई है। यहां पर्यटकों के लिए उत्तम निवास व्यवस्था, जंगल सफारी और बोटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अकोला से यह स्थान दुपहिया से भी आसानी से पहुंचा जा सकता है, इसलिए स्थानीय पर्यटक इसे अधिक पसंद कर रहे हैं।

काटेपूर्णा, नरनाला व चिखलदरा में भी भीड़

अकोला जिले का काटेपूर्णा अभयारण्य, अकोट का नरनाला अभयारण्य और नरनाला किला भी पर्यटकों की पसंदीदा सूची में शामिल हैं। शनिवार, रविवार के साथ साथ बीच बीच में आनेवाली सरकारी छुट्टियों में इन स्थलों पर बड़ी भीड़ देखी जाती है। वहीं चिखलदरा का ठंडा और मनमोहक वातावरण पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। इन स्थलों पर उमड़ी भीड़ से स्पष्ट है कि पर्यटन क्षेत्र जिले में तेजी से विकसित हो रहा है और लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com