उज्जैन के बड़नगर में भीषण अग्निकांड: बारदान-प्लास्टिक गोदाम में लगी आग, कई घंटे बाद भी नहीं पाया जा सका काबू

Ujjain Fire News : बड़नगर में विक्रम ट्रेडिंग कंपनी के बारदान और प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। 10 घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।
Badnagar Warehouse Fire
गोडाउन में लगी आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Badnagar Warehouse Fire:  उज्जैन जिले के बड़नगर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित विक्रम ट्रेडिंग कंपनी के बारदान और प्लास्टिक गोदाम में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई घंटे बाद भी दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सके।

गोदाम संचालक नरपत सिंह के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे हुई, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी करीब 2 बजे के बाद मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। रात करीब 3 बजे दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद बड़नगर और उज्जैन से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

बारदाने और प्लास्टिक के चलते तेजी से फैली आग

गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और बारदान रखा होने के कारण आग लगातार सुलगती रही। अब तक आग बुझाने के लिए दमकल की 18 से अधिक गाड़ियां पानी के फेरे लगा चुकी हैं। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में गोदाम संचालक को एक करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।

आग से दीवारें हुईं कमजोर

आग की तेज गर्मी के कारण गोदाम की आरसीसी दीवारें भी कमजोर पड़ गई हैं, जिससे उनके गिरने का खतरा बना हुआ है। दमकल कर्मियों की सुरक्षा और आग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन दीवारों को नियंत्रित तरीके से हटाने की तैयारी कर रहा है, ताकि गोदाम के अंदर तक पानी पहुंचाया जा सके।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com