लाल कार, चीखती युवती और वायरल वीडियो... 60 मिनट में नागपुर पुलिस ने सुलझा दिया 'अपहरण' का रहस्य

Nagpur Fake Kidnapping: नागपुर के मनीषनगर में लाल कार में युवती के कथित अपहरण का वायरल वीडियो जांच में झूठा निकला। पुलिस ने एक घंटे में खुलासा किया कि यह दोस्तों के बीच विवाद और मस्ती का मामला था।
Red car, screaming young woman, and a viral video... Nagpur Police solved the mystery of the 'kidnapping' in 60 minutes.
नागपुर, मनीषनगर, युवती अपहरण (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Updated on

Nagpur Fake Kidnapping Viral Video: नागपुर बेलतरोड़ी थानांतर्गत मनीषनगर परिसर में रविवार की सुबह लाल रंग की कार में युवती का अपहरण किए जाने की खबर मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कार में सवार युवती चीख-पुकार करती दिखाई दी, जबकि चालक जिग-जैग रैश ड्राइविंग कर रहा था। ऐसे में युवती के अपहरण का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया लेकिन महज 1 घंटे के भीतर ही पुलिस ने सच्चाई का पता लगा लिया।

अपहरण नहीं, दोस्तों के विवाद से मचा हड़कंप

जांच में पता चला कि युवा आपस में मस्ती कर रहे थे। तब जाकर सभी ने राहत की सांल ली। मनीषनगर निवासी वाणी (नाम बदला हुआ) की परिसर में रहने वाले रोहित से दोस्ती है। शनिवार को रोहित की वजह से वाणी के दोपहिया वाहन का नुकसान हो गया।

इस वजह से दोनों के बीच विवाद हो गया था। रविवार की सुबह फिर रोहित कार क्र. एमएच.31-जीए। 6740 पर उससे मिलने पहुंचा। वाणी ने उससे अपने वाहन के नुकसान की भरपाई मांगी। इस समय एक और सहेली - वाणी के साथ थी। बातचीत करने के लिए तीनों कार में सवार हुए। कार में चलते समय फिर दोनों की बहस हो गई।

कार में चीख-पुकार से अपहरण की अफवाह, जांच में निकला दोस्तों का विवाद

वाणी ने कार से उतरने की कोशिश की लेकिन रोहित उसे रोक रहा था। इस दौरान रोहित ने कार की स्पीड बढ़ा दी और रैश ड्राइविंग करने लगा, वाणी बचाओ-बचाओ करके शोर मचाने लगी। प्रभूनगर से कार निकलते समय एक नागरिक ने उसकी चीख सुन ली।

उसे लगा कि कार में युवती का अपहरण किया जा रहा है। नागरिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, पास के स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में ये सब रिकॉर्ड हुआ था। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की।

पता चला कि रोहित ने किसी से कार उधार ली थी। पुलिस फुटेज के जरिए वाणी के घर तक पहुंच गई। वहां पूछताछ करने पर पूरी घटना का पता चला। वाणी और उसके परिजनों ने इसे आपसी हंसी मजाक बताया लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया था। बेलतरोडी पुलिस ने बताया कि सभी संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा चुकी है। अपहरण जैसी कोई वारदात नहीं हुई है। लोग अफवाह पर विश्वास न करें।

Navbharat Live
navbharatlive.com