दतिया उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भरा नामांकन, उमंग सिंघार और अजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना

Datia Political News : दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने उमंग सिंघार की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। सिंघार और अजय सिंह ने दतिया उपचुनाव को लेकर बयान भी दिया।
Ghanshyam Singh Datia Nomination
नामांकन करते घनश्याम सिंह (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Ghanshyam Singh Datia Nomination: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले दिग्विजय सिंह और अजय सिंह ने मां पीतांबरा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और चुनाव में सफलता की कामना की।

नामांकन के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि चुनावी मैदान में चुनौतियां हमेशा रहती हैं, लेकिन कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उनका मजबूती से मुकाबला करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस दतिया में मजबूत स्थिति में है और इस सीट पर पहले भी पार्टी का प्रतिनिधित्व रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है और जनता का समर्थन पार्टी के साथ है।

मुख्यमंत्री ही नरोत्तम मिश्रा का दर्द साझा नहीं कर रहे

भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के सवाल पर उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि अब उनके दर्द को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी साझा नहीं कर रहे हैं। अब उनका दर्द कौन बांटेगा, इसका जवाब डॉ. नरोत्तम मिश्रा ही दे सकते हैं। सिंघार ने कहा कि इस चुनाव में हम मजबूत हैं और हमेशा से मजबूत रहे हैं। दतिया में कांग्रेस की जीत होगी।

सड़क पर खुलकर आई नाराजगी

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है। उन्होंने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि जहां नाराजगी है, वह सबको सामने दिखाई दे रही है। नाराजगी तो खुलकर सड़कों पर दिख रही है। नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारा है तो उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। नरेंद्र मोदी को उनका इस्तेमाल करना चाहिए।

हर चुनाव चुनौतीपूर्ण होता है

अजय सिंह ने कहा कि हर चुनाव चुनौतीपूर्ण रहता है और खासतौर से उपचुनाव में जब सरकार साम, दाम, दंड, भेद का इस्तेमाल करती है और चुनाव प्रतिष्ठापूर्ण हो जाता है। हम लोग मैया के शरण में यही प्रार्थना करेंगे कि सही व्यक्ति का चयन हो। जीतू पटवारी के राजेंद्र भारती के घर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान नेता क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों से मुलाकात करते हैं और इसे किसी नाराजगी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

https://youtu.be/4ylc00RPpYg?si=W-bzqsE4Vd9oOggX

Navbharat Live
navbharatlive.com