Woman Writes Suicide Note With Mehndi: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां चियाखुर्द निवासी लखन वर्मा की पत्नी प्रीति (32 वर्षीय) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह आत्मघाती कदम उठाने से पहले महिला ने अपने दोनों हाथ और पैर में मेहंदी से सुसाइड नोट लिखा। परिवार वाले उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए। यहां से बाद में उसे एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान ही महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था और ईंट-पत्थरों से पीटता था।
परिजनों के मुताबिक, शादी के 13 साल बाद भी उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और कुछ समय पहले ही उसके बेटे की भी मौत हो गई थी जिससे वह मानसिक तनाव में थी। चौराई थाना पुलिस ने महिला के हाथ-पैरों पर लिखे इस अनोखे सुसाइड नोट की तस्वीरें और वीडियो सुरक्षित रख लिए हैं और इसे मामले का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर जांच शुरू कर दी है।