चीन-फिलीपींस पर टूटा बावी का कहर, 1949 के बाद सबसे बड़ा संकट; अब तक 18 लोगों की मौत

Typhoon Bavi: फिलीपींस और चीन में तूफान 'बावी' और मानसून के कारण भीषण तबाही मची है। फिलीपींस में 18 लोगों की जान चली गई है, जबकि चीन के झेजियांग में 1949 के बाद का सबसे शक्तिशाली तूफान आया है।
Typhoon Bavi wreaks havoc on China and the Philippines, the worst disaster since 1949; 18 people have died so far.
टाइफून बावी ने तबाही मचाई, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Typhoon Bavi Philippines China Death Toll: फिलीपींस और चीन में भीषण तूफान 'बावी' और सक्रिय दक्षिण-पश्चिमी मानसून के प्रभाव ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। फिलीपींस में जहां मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है, वहीं चीन के तटीय इलाकों में दशकों का रिकॉर्ड टूट गया है। आपदा प्रबंधन विभाग और राहत टीमें युद्ध स्तर पर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन खराब मौसम चुनौतियों को और बढ़ा रहा है।

फिलीपींस में बावी से भारी तबाही

फिलीपींस के ऑफिस ऑफ Civil डिफेंस (OCD) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, देश में तूफान 'बावी' और मानसून की भारी बारिश के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। अधिकांश मौतें भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में डूबने की वजह से हुई हैं। इसके अतिरिक्त, अभी भी 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश जारी है। इस प्राकृतिक आपदा का असर व्यापक रहा है, जिससे देशभर में लगभग 5.62 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

स्थानीय मौसम एजेंसी PAGASA ने चेतावनी दी है कि तूफान 'बावी' ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून को और अधिक सक्रिय कर दिया है। इसके चलते आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रहने की आशंका है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा और अधिक बढ़ गया है।

चीन के झेजियांग में 'बावी' का दोहरा हमला

दूसरी ओर, चीन में भी बावी तूफान ने भारी तबाही मचाई है। यह वर्ष का नौवां तूफान है जिसने शनिवार रात लगभग 11:20 बजे पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट पर पहली बार दस्तक दी। इसके बाद आधी रात के आसपास इसने दूसरी बार तट पर प्रहार किया और फिर अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह वर्तमान में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और धीरे-धीरे इसके कमजोर पड़ने की उम्मीद है।

चीन के आपातकालीन प्रबंधन विभाग के मुख्य अभियंता हू याओवेन ने इस तूफान की गंभीरता पर चिंता जताते हुए कहा कि साल 1949 के बाद जुलाई के महीने में झेजियांग प्रांत से टकराने वाला यह अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान है।

समुद्र में उठने लगी ऊंची लहरें

तूफान की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 24 घंटों के भीतर झेजियांग प्रांत के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस मूसलाधार बारिश के कारण प्रांत का लगभग 42 प्रतिशत हिस्सा सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है। तूफान के विशाल आकार के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठी हैं और तटीय क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज के अंदरूनी इलाकों में भी अचानक बाढ़, भूस्खलन और शहरी जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।

राहत और बचाव कार्य जारी

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव दल तैनात किए हैं। फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने जानकारी दी है कि समुद्र में खराब मौसम और ऊंची लहरों के कारण विभिन्न बंदरगाहों पर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। चीन ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण और राहत कार्यों में तेजी ला दी है ताकि जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com