जबलपुर: कबाड़खाने में लगी भीषण आग, एक के बाद एक हुए कई धमाकों से फैली दहशत, हादसे में कोई हताहत नहीं

Jabalpur Fire News : जबलपुर के धनवंतरी नगर क्षेत्र में कबाड़खाने में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोई हताहत नहीं है।
Jabalpur Scrap Yard Fire
कबाड़खाने में आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jabalpur Scrap Yard Fire: जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित धनवंतरी नगर पुरवा रोड पर देर रात एक कबाड़खाने में अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 5 से 6 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी विकराल थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को करीब तीन से चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

रहवासी इलाके के बीच संचालित हो रहा था कबाड़खाना

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कबाड़खाने के संचालन को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि रहवासी बस्ती के नजदीक खुले मैदान में बड़े पैमाने पर कबाड़ जमा किया गया था। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि यह कबाड़खाना बिना अनुमति संचालित हो रहा था तो संबंधित विभागों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की। आग लगने के दौरान इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को घटनास्थल से दूर रखा और हालात पर नजर बनाए रखी।

आग के बीच होते रहे धमाके

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान कबाड़ के ढेर से लगातार धमाकों जैसी आवाजें आती रहीं। इससे लोगों में भय का माहौल बन गया। आशंका जताई जा रही है कि कबाड़ में प्लास्टिक, इलेक्ट्रॉनिक कचरा या अन्य ज्वलनशील सामग्री भी मौजूद थी, जिसके कारण विस्फोट जैसी स्थिति बनी। हालांकि धमाकों की वास्तविक वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है। दमकल विभाग ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया।

पुलिस जांच में जुटी

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जबलपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों और कबाड़खाने के संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com