छतरपुर में नवविवाहिता की करंट लगने से मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप

Chhatarpur News : छतरपुर में नवविवाहिता की करंट लगने से मौत के मामले में मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने हादसा बताया। पुलिस जांच में जुटी है।
Chhatarpur Newlywed Death Case
महिला की संदिग्ध मौत (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Chhatarpur Newlywed Death Case: छतरपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रामनगर कांटी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और करंट देकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को नकारते हुए इसे खाना बनाते समय हीटर से करंट लगने की वजह से हुआ हादसा बताया है। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय रोशनी पटेल का विवाह 5 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से महेश पटेल के साथ खजुराहो के एक निजी होटल में हुआ था। शादी के बाद वह ससुराल में रह रही थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

पिता ने लगाया दहेज मांगने का आरोप

मृतका के पिता महेश पटेल का आरोप है कि विवाह के समय उन्होंने ससुराल पक्ष को 10 लाख रुपये नकद और एक तोला सोने की चेन दी थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कथित रूप से 5 लाख रुपये नकद, चार पहिया वाहन या शहर में प्लॉट की मांग की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने के कारण बेटी को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। महेश पटेल ने बताया कि दो दिन पहले ही वह अपनी बेटी से मिलने ससुराल गए थे और परिवार के लोगों को समझाइश भी दी थी।

मां ने भी लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

मृतका की मां रेखा पटेल, निवासी देकुलिया थाना राजनगर, ने बताया कि उनकी बेटी अक्सर सास और जेठानी द्वारा मानसिक प्रताड़ना दिए जाने की बात कहती थी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद जब वह अस्पताल पहुंचीं तो उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी और ससुराल पक्ष के लोग वहां मौजूद नहीं थे। अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच शोक का माहौल रहा।

ससुर ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं मृतका के ससुर गनेशी पटेल ने मायके पक्ष के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि रोशनी की मौत रसोई में खाना बनाते समय हीटर से करंट लगने के कारण हुई। उन्होंने दावा किया कि परिवार की ओर से कभी दहेज की मांग नहीं की गई और घर में होने वाली सामान्य कहासुनी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। गनेशी पटेल ने कहा कि रोशनी उनके लिए बेटी समान थी और करंट लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच के बाद साफ होगी मौत की वजह

फिलहाल दोनों पक्षों ने छतरपुर पुलिस से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com