
आज है गुप्त नवरात्रि 2024 ( डिजाइन फोटो)
सीमा कुमारी
नवभारत डिजिटल डेस्क: शक्ति की आराधना का महापर्व नवरात्रि सनातन धर्म में बड़ा महत्व रखता है। साल में 4 नवरात्रि होते हैं। जिसमें चैत्र, शारदीय नवरात्रि के साथ 2 गुप्त नवरात्रि भी होते हैं। सभी नवरात्रि के 9 दिन जगत जननी मां दुर्गा की पूजा करने का विधान है।
इस साल 2024 माघ महीने की ‘गुप्त नवरात्रि’ (Gupt Navratri 2024) 10 फरवरी 2024 दिन शनिवार से शुरू होने जा रही है और यह पूरे 9 दिनों तक का पर्व रहेगा। ऐसे में यह 9 दिन बड़े पवित्र माने जा रहे हैं और देवी मां की कृपा पाने के लिए बड़े शुभ भी। ऐसे में आइए जान लें। गुप्त नवरात्रि का घटस्थापना मुहूर्त, पूजा विधि।
माघ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से गुप्त नवरात्र की शुरुआत होती है, नवमी तिथि तक मनाई जाती है। ऐसे में पंचांग के अनुसार, साल 2024 में माघ गुप्त नवरात्रि की शुरुआत 10 फरवरी, शनिवार के दिन से हो रही है। वहीं 18 फरवरी, रविवार के दिन इसका समापन होगा।
‘गुप्त नवरात्र’ में शारदीय या चैत्र माह की नवरात्र की तरह ही घट स्थापना की जाती है। माघ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 10 फरवरी 2024 को सुबह 4 बजकर 28 मिनट पर शुरू हो रही है, जो 11 फरवरी रात्रि 12 बजकर 47 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में माघ गुप्त नवरात्र के घट स्थापना का मुहूर्त कुछ इस प्रकार रहेगा –
घट स्थापना का मुहूर्त – 10 फरवरी, सुबह 8 बजकर 45 मिनट से सुबह 10 बजकर 10 मिनट तक
घटस्थापना अभिजीत मुहूर्त – 10 फरवरी, दोपहर 12 बजकर 13 मिनट से 12 बजकर 58 मिनट तक
गुप्त नवरात्रि के 9 दिन मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए काफी शुभ माने जाते हैं। इन 9 दिनों में आप गुप्त रूप से देवी की पूजा कर कई सिद्धियां प्राप्त कर सकते हैं। जो लोग मां दुर्गा की विधि विधान से पूजा करते हैं, उनके जीवन से कई कष्ट दूर हो जाते हैं और सूख-शांति का वास होता है। इन 9 दिन आप कुछ चीजों का ध्यान रखना चाहिए वरना मां भगवती आपसे नाराज हो सकती हैं।
1. गुप्त नवरात्रि के 9 दिन काफी पवित्र होते है। इन दिनों में भूलकर भी तामसिक भोजन जैसे मांस मदिरा, लहसुन-प्याज का सेवन नहीं करना चाहिए।
2. गुप्त नवरात्रि के दिन किसी भी नकारात्मक विचार से बचना चाहिए। किसी से भी विवाद न करें, क्रोधित न हों और न ही किसी की बुराई करनी चाहिए।






