घुसपैठियों को चुन-चुन कर निकला जाएगा… देश की सुरक्षा पर भुज में बोले गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah: गृहमंत्री अमित शाह ने भुज में कहा कि देश से हर घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा और SIR प्रक्रिया का पूरा समर्थन जरूरी है। उन्होंने सुरक्षा को लेकर BSF की तारीफ की।
Amit Shah
गृहमंत्री अमित शाह (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amit Shah in Bhuj Warns Against Infiltration: गुजरात के भुज दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने घुसपैठ को देश के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने इसे सुरक्षा और लोकतंत्र दोनों के लिए चुनौती कहा। शाह ने राजनीतिक दलों पर घुसपैठियों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने जनता से SIR प्रक्रिया में पूरा सहयोग करने की अपील भी की।

भुज से घुसपैठ पर कड़ी चेतावनी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात के भुज में अपने दौरे के दौरान घुसपैठ के मुद्दे पर बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए घुसपैठ रोकना अत्यंत जरूरी है। शाह ने जोर देकर कहा कि सरकार देश में मौजूद हर एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालेगी।

राजनीतिक दलों पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप

अपने भाषण में शाह ने कुछ राजनीतिक दलों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कुछ पार्टियां घुसपैठियों के समर्थन में यात्राएं निकाल रही हैं और चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया मतदाता सूची को साफ और पारदर्शी बनाती है, जो लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। शाह के अनुसार बिहार का जनादेश यह दिखाता है कि जनता उन दलों को पसंद नहीं करती जो घुसपैठियों के संरक्षण में लगे हैं।

BSF की तीनों सीमाओं पर भूमिका की सराहना

सीमा सुरक्षा पर बात करते हुए शाह ने BSF की तारीफ की। उन्होंने कहा कि BSF देश का एकमात्र ऐसा बल है जो थल, नभ और जल तीनों क्षेत्रों में सक्रिय रहकर तीनों सीमाओं की रक्षा करता है। शाह ने इसे देश की सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व और महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने BSF की प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

कच्छ के विकास को बताया प्रेरणादायक

कच्छ के भूकंप का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि 2001 की तबाही के बाद यह क्षेत्र जिस तरह बदला है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण है। शाह ने कहा कि अन्य राज्यों में भूकंप के दशकों बाद भी अवशेष दिखाई देते हैं, लेकिन कच्छ ने मेहनत और संकल्प के साथ भूकंप से उबरकर पहले से कई गुना अधिक विकास किया है। उन्होंने कच्छ की जनता की सराहना की और इस विकास को प्रेरणादायक बताया।

SIR प्रक्रिया को समर्थन देने की अपील

अपने संबोधन के अंत में शाह ने देशवासियों से चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया देश को सुरक्षित और लोकतांत्रिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों का समर्थन करने वाली राजनीतिक पार्टियों को जनता लगातार जवाब दे रही है और आगे भी देगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com