इरफान पठान ने अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म पर दिया बयान, बताया कैसे खत्म होगा ये बुरा दौर

Abhishek Sharma Form: इरफान पठान ने अभिषेक शर्मा को सलाह दी है कि वे पहली गेंद से बड़े शॉट न खेलें, बल्कि सिंगल लेकर शुरुआत करें। उनके अनुसार समस्या तकनीक नहीं, शॉट चयन है।
Irfan Pathan on Abhishek Sharma's Bad Form
इरफान पठान और अभिषेक शर्मा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Irfan Pathan on Abhishek Sharma: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में पहुंच चुकी टीम इंडिया के सामने अब नई चुनौती है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की मौजूदा फॉर्म और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से बात की है। लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट होने के बाद अभिषेक दबाव में हैं और ऐसे समय में उनका फॉर्म में लौटना भारत के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।

अभिषेक की फॉर्म पर इरफान का बयान

इरफान पठान का कहना है कि अभिषेक की तकनीक में कोई बड़ी कमी नहीं है। उनके अनुसार असली दिक्कत शॉट चयन में है। पठान ने बताया कि अभिषेक ऑफ स्पिनरों के खिलाफ जल्दी आक्रामक होने की कोशिश कर रहे हैं। पहली ही गेंद से हावी होने की चाह में वे बल्ले का एंगल क्रॉस रख रहे हैं और क्रीज से बाहर निकलकर रूम बनाने का प्रयास करते हैं, लेकिन गेंदबाज उन्हें ज्यादा जगह नहीं दे रहे। पठान की सलाह है कि अभिषेक को अपनी तकनीक में बड़े बदलाव की जरूरत नहीं, बल्कि धैर्य से खेलना चाहिए। शुरुआत में सिंगल लेकर स्ट्राइक रोटेट करना उनके लिए फायदेमंद होगा। इससे न केवल दबाव कम होगा बल्कि वे लय भी हासिल कर पाएंगे।

ईशान किशन की सराहना, अफ्रीका से सावधान

जहां अभिषेक शर्मा संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरे ओपनर ईशान किशन ने प्रभावित किया है। इरफान पठान ने किशन की तारीफ करते हुए उन्हें टूर्नामेंट का सबसे असरदार बल्लेबाजों में से एक बताया। खासकर लेग साइड पर उनकी ताकत को उन्होंने सराहा। हालांकि पठान ने चेतावनी भी दी कि साउथ अफ्रीका के गेंदबाज ईशान को ऑफ साइड पर वाइड लाइन में गेंदबाजी कर सकते हैं। ऐसे में देखना होगा कि किशन उस रणनीति का कैसे जवाब देते हैं।

अहमदाबाद में रणनीति होगी अहम

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में भारतीय ओपनिंग जोड़ी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। पठान का मानना है कि अभिषेक को ताबड़तोड़ शुरुआत के बजाय समझदारी दिखानी होगी। स्पिनरों के खिलाफ जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय सिंगल लेकर पारी को आगे बढ़ाना और तेज गेंदबाजों को निशाना बनाना बेहतर रणनीति होगी। सुपर 8 के इस अहम दौर में भारत को मजबूत शुरुआत की जरूरत है। अगर अभिषेक लय में लौटते हैं तो टीम की सेमीफाइनल राह और आसान हो सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com