
शंकर महादेवन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Shankar Mahadevan Iceland Video: भारत के जाने-माने गायक शंकर महादेवन इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने आइसलैंड की खूबसूरत वादियों में दोस्तों के साथ एक खास पल साझा किया, जिसने फैंस को हैरान कर दिया। गायक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे अपने दोस्तों संग ‘दिल धड़कने दो’ गाना गाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “दिल धड़कने दो… इन आइसलैंड”, जिसे देखकर उनके चाहने वाले झूम उठे।
दरअसल, यह गाना जोया अख्तर के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ का है। साल 2011 में रिलीज हुई यह फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों में ताजा है। इस सॉन्ग को शंकर महादेवन, सूरज जागन और जोइ बरुआ ने अपनी मधुर आवाज में गाया था, जबकि इसके बोल दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे थे।
फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ ने लोगों को जिंदगी को खुलकर जीने का नजरिया दिया था। ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल और कैटरीना कैफ स्टारर यह फिल्म दोस्ती, रिश्ते और आत्म-खोज पर आधारित थी। फिल्म की कहानी तीन दोस्तों अर्जुन, कबीर और इमरान की रोड ट्रिप पर घूमती है, जो कबीर की बैचलर पार्टी मनाने के लिए स्पेन की यात्रा पर निकलते हैं।
इस सफर में उन्हें जिंदगी के नए मायने समझ में आते हैं। फिल्म में कैटरीना कैफ का किरदार लैला अर्जुन को न सिर्फ उसके डर से उबरने में मदद करता है बल्कि उसे सच्चे प्यार का एहसास भी करवाता है। वहीं कबीर और उसकी मंगेतर नताशा के बीच गलतफहमियों से भरा रिश्ता भी दर्शकों के लिए भावनात्मक जुड़ाव लेकर आता है।
आपको बता दें, शंकर महादेवन द्वारा आइसलैंड में इस गाने का नया वर्जन सुन फैंस पुरानी यादों में लौट गए हैं। कई यूजर्स ने कमेंट किया कि यह गाना आज भी उतना ही फ्रेश लगता है जितना 14 साल पहले था। वहीं कुछ लोगों ने शंकर की आवाज की तारीफ करते हुए कमेंट में लिखा कि “सर, आप जहां गाते हैं, वहां म्यूजिक खुद बन जाता है।”
(एजेंसी इनपुट के साथ)






