Mirzapur film Update: मिर्जापुर द फिल्म में चौंकाने वाली वापसी, मौत के बाद फिर नजर आएगा यह किरदार

Mirzapur The Film में स्वीटी गुप्ता की चौंकाने वाली वापसी होने जा रही है। श्रिया पिलगांवकर ने खुद सोशल मीडिया पर इस राज से पर्दा उठाया है। मौत के बाद वापसी से कहानी में बड़ा ट्विस्ट आने वाला है।
mirzapur the film sweetie return Shriya pilgaonkar
मिर्जापुर द फिल्म की कास्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shriya Pilgaonkar Mirzapur: क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ ने अपने पहले दो सीजन में दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। अपराध, सत्ता, बदले और राजनीति के खतरनाक खेल को दिखाने वाली इस सीरीज के हर किरदार ने अपनी अलग पहचान बनाई। अब इसी यूनिवर्स को और आगे बढ़ाते हुए मेकर्स ‘मिर्जापुर द फिल्म’ लेकर आ रहे हैं, जिसे लेकर फैंस के बीच उत्सुकता चरम पर है। इसी बीच फिल्म से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसने दर्शकों को हैरान कर दिया है।

दरअसल, ‘मिर्जापुर द फिल्म’ में एक ऐसा किरदार वापसी करता नजर आएगा, जिसकी मौत सीजन वन में हो चुकी थी। यह खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि अभिनेत्री श्रिया पिलगांवकर ने खुद किया है। श्रिया ने वेब सीरीज के पहले सीजन में स्वीटी गुप्ता का किरदार निभाया था। कहानी के अनुसार स्वीटी की हत्या उसके ही शादी समारोह में मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा द्वारा कर दी जाती है। यह सीन मिर्जापुर के सबसे शॉकिंग मोमेंट्स में से एक माना जाता है।

श्रिया पिलगांवकर का पोस्ट

श्रिया पिलगांवकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। पहली तस्वीर में फिल्म का क्लैपबोर्ड नजर आ रहा है, जबकि दूसरी तस्वीर एक ग्रुप फोटो है, जिसमें अली फजल, पंकज त्रिपाठी, श्वेता त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, रसिका दुगल समेत कई कलाकार दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ श्रिया ने कैप्शन में लिखा कि 8 साल बाद… अंदाजा लगाइए कौन मौत के मुंह से वापस आ गया है। मिर्जापुर द फिल्म। शूटिंग जारी है, जल्द मिलेंगे। इस पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

फैंस का रिएक्शन

श्रिया की इस पोस्ट को देखकर फैंस यह कयास लगाने लगे हैं कि फिल्म में कहानी को फ्लैशबैक या किसी नए ट्विस्ट के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए यह भी पूछा है कि क्या विक्रांत मैसी का किरदार भी फिल्म में लौटेगा, जिनकी मौत भी पहले सीजन में दिखाई गई थी। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

श्रिया पिलगांवकर का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो श्रिया पिलगांवकर जल्द ही प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगी। इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। ऐसे में ‘मिर्जापुर द फिल्म’ और श्रिया की वापसी ने दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com