

Donald Trump Threatens Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन के दौरान ईरान पर तीखा हमला बोला। ट्रंप ने ईरान के शासन का मजाक उड़ाते हुए उन्हें सड़कछाप बमों का 'राजा' बताया। उन्होंने कहा कि ईरान का प्रशासन और इसके खूनी प्रॉक्सी दशकों से केवल आतंकवाद, मौत और नफरत फैलाते रहे हैं। इन प्रॉक्सी ने हजारों अमेरिकी सैनिकों को मारा और लाखों लोगों को रोडसाइड बमों से घायल किया। ट्रंप ने कहा, "वे सड़कछाप बमों के राजा हैं।" इसके अलावा ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने की अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए ट्रंप ने कहा, "मेरा पसंदीदा तरीका कूटनीति है, लेकिन एक बात तय है कि दुनिया के नंबर 1 आतंकवाद प्रायोजक को परमाणु हथियार नहीं मिलने देंगे।" ट्रंप ने ईरान के जनरल कासिम सुलेमानी को खत्म करने का जिक्र करते हुए कहा, "मैंने सुलेमानी को खत्म किया था, और इसका बड़ा असर हुआ। वह रोडसाइड बमों का 'फादर' था।"
डोनाल्ड ट्रंप यह भी दावा किया कि ईरान ने यूरोप और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने वाली मिसाइलें विकसित कर ली हैं और अब वे जल्द ही अमेरिका तक पहुंचने वाली मिसाइलों पर काम कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा, "हमने उनके परमाणु कार्यक्रम को नष्ट कर दिया था, लेकिन वे फिर से इसे शुरू कर रहे हैं और अपनी खतरनाक योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।"
संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी मौजूद थे और वे ट्रंप की बातों पर तालियां बजा रहे थे। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि यदि वे परमाणु हथियार बनाने की कोशिश जारी रखते हैं तो अमेरिका सभी विकल्पों का इस्तेमाल करेगा।
उन्होंने ईरान के मानवाधिकार उल्लंघन का भी जिक्र करते हुए कहा, "ईरान ने हजारों प्रदर्शनकारियों की हत्या की है।" ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान डील चाहता है, लेकिन यह "पवित्र शब्द" नहीं कह रहा कि वे कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे। ये टिप्पणियां ईरान के साथ चल रही परमाणु वार्ता और मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य तैनाती के बीच आई हैं, जहां ट्रंप ने पहले भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले कराए थे।