कैमियो कल्चर पर फूटा किच्चा सुदीप का गुस्सा, बॉलीवुड को लेकर किए सवाल, बोले- कोई साउथ में नहीं आता

Kiccha Sudeep Cameo Role: क्रिसमस पर रिलीज हुई किच्चा सुदीप की फिल्म ‘मार्क’ को जहां तारीफ मिल रही है, वहीं एक्टर के कैमियो और साउथ-बॉलीवुड सहयोग पर दिए बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
Kiccha Sudeep Cameo Role
किच्चा सुदीप (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kiccha Sudeep Statement Viral: साउथ सिनेमा के जाने-माने एक्टर किच्चा सुदीप इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘मार्क’ को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में सुदीप ने अजय मार्कंडेय नाम के एक सस्पेंडेड पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया है। जहां एक तरफ फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ किच्चा सुदीप का हालिया बयान चर्चा और विवाद का विषय बन गया है।

एक इंटरव्यू के दौरान किच्चा सुदीप ने साउथ और दूसरी फिल्म इंडस्ट्रीज के बीच सहयोग को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि साउथ के कलाकार दूसरी भाषाओं की फिल्मों में कैमियो और छोटे रोल कर रहे हैं, लेकिन बदले में दूसरी इंडस्ट्री के कलाकार साउथ फिल्मों में काम करने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।

किच्चा सुदीप ने फिल्मों में कैमियो को लेकर की खुलकर बात

सुदीप ने कहा, “हम दूसरी भाषाओं की फिल्मों में कैमियो कर रहे हैं, लेकिन हमारे यहां आकर अभिनय करने में लोग दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। मैंने कुछ कलाकारों से पर्सनली भी रिक्वेस्ट की, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी। यह सहयोग दोनों तरफ से होना चाहिए, लेकिन फिलहाल ऐसा होता नहीं दिख रहा है।” उन्होंने इस बातचीत में सुपरस्टार शिवराजकुमार का उदाहरण भी दिया और कहा कि उन्होंने फिल्म ‘जेलर’ में काम कर यह साबित किया कि इंडस्ट्रीज के बीच सहयोग कैसे होना चाहिए। सुदीप के मुताबिक, आपसी सम्मान और सहयोग से ही सिनेमा आगे बढ़ सकता है।

'दबंग 3 में बिना किसी फीस मैंने काम किया'

इंटरव्यू में किच्चा सुदीप ने पैसों से ज्यादा दोस्ती और रिश्तों को अहमियत देने की बात भी कही। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने सलमान खान की फिल्म ‘दबंग 3’ में बिना किसी फीस के काम किया था। सुदीप ने कहा, “मैंने ‘दबंग 3’ इसलिए की क्योंकि सलमान भाई ने खुद मुझसे रिक्वेस्ट की थी। मैंने यह फिल्म दोस्ती के लिए की, पैसों के लिए नहीं।”

इसके अलावा उन्होंने थलपति विजय और फिल्म ‘पुली’ का भी जिक्र किया। सुदीप ने विजय की तारीफ करते हुए कहा कि वह कभी किसी के बारे में गलत नहीं बोलते और यही बात उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। वहीं, नानी की एक स्क्रिप्ट ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि वह उसमें काम करने के लिए तैयार हो गए।

फिल्म ‘मार्क’ की सफलता के बीच किच्चा सुदीप का यह बयान इंडस्ट्री में सहयोग और बराबरी को लेकर एक नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि उनके इस बयान पर दूसरी इंडस्ट्रीज से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com