अभिषेक शर्मा का सपना हुआ पूरा, पिता ने बताया कैसे अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद देखा था ये ख्वाब

Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा के पिता राज कुमार शर्मा ने बताया कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ही अभिषेक ने सीनियर टीम के लिए विश्व कप जीतने का संकल्प लिया था। जिसे उसने पूरा किया है।
Abhishek Sharma's Father
अभिषेक शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Abhishek Sharma's Father: भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझने वाले अभिषेक फाइनल में बेहतरीन लय में दिखे और उन्होंने 21 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। अभिषेक के पिता ने बताया कि अंडर-19 विश्व कप जीतने के बाद ही बाएं हाथ के बल्लेबाज ने तय कर लिया था कि वह सीनियर टीम को अपने शानदार प्रदर्शन के बूते एक दिन विश्व कप जिताएंगे।

अभिषेक के पिता राज कुमार शर्मा ने मीडिया एजेंसी से बात करते हुए कहा, "अभिषेक अंडर-19 का वर्ल्ड कप जीतकर घर आए थे और उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं सीनियर टीम की तरफ से भी वर्ल्ड कप खेलूंगा और हिन्दुस्तान को विश्व कप जिताएगा। अभिषेक ने इस बात को कागज पर लिखकर रख दिया था कि वह जल्द सीनियर वर्ल्ड कप खेलेंगे और आज वो दिन आ गया।"

खराब फॉर्म पर भी की बात

अभिषेक के पिता ने बेटे की खराब फॉर्म को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के करियर में यह दौर आता है जब वह रनों के लिए संघर्ष करता है। उन्होंने कहा कि अच्छी बात यह रही कि अभिषेक फॉर्म को टी20 वर्ल्ड कप में ही हासिल करने में सफल रहे। अभिषेक के पिता ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सूर्या एक बेहतरीन कप्तान हैं और गंभीर ऐसे कोच हैं जो खुद काफी क्रिकेट खेल चुके हैं।

फाइनल में अभिषेक का शानदार कमबैक

अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन फाइनल मुकाबले से पहले काफी निराशाजनक रहा था। वह 7 पारियों में सिर्फ 89 रन ही बना सके थे। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में अभिषेक का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े। अभिषेक-संजू द्वारा रखी गई नींव के बूते ही भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 255 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com