राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की 'ग्रामगीता' अब बड़े पर्दे पर, महाराष्ट्र सरकार बनाएगी फिल्म 'खंजिरीचे बोल'

Khanjiriche Bol Film: महाराष्ट्र सरकार राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के महान विचारों को फिल्म 'खंजिरीचे बोल' के जरिए दुनिया तक पहुंचाएगी। यह फिल्म अनंत महादेवन के निर्देशन में बन रही है।
Rashtrasant Tukdoji Maharaj Biopic Khanjiriche Bol Film
राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के जीवन पर बन रही फिल्म 'खंजिरीचे बोल' (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rashtrasant Tukdoji Maharaj Biopic: महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि संत टुकड़ोजी महाराज के विचार, कार्य और जीवनगाथा को दुनिया के सामने लाना राज्य सरकार और सांस्कृतिक कार्य विभाग का लक्ष्य है। वे राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘खंजिरीचे बोल’ के मुहूर्त समारोह में बोल रहे थे। यह फिल्म गवर्नमेंट ऑफ महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एंड कल्चरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के सहयोग से बनाई जा रही है।

मुंबई में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज के प्रेरणा देने वाले जीवन पर आधारित मराठी फिल्म ‘खंजिरिचे बोल’ की मुहूर्त क्लैप सेरेमनी का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक अनंत महादेवन, अभिनेता प्रसाद ओक और चित्रनगरी के सह-प्रबंध निदेशक प्रशांत साजणीकर सहित कई लोग मौजूद थे।

तुकडोजी महाराज ने भजन-कीर्तन से दिया बड़ा संदेश

मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि जीवन में केवल सुख की तलाश नहीं, बल्कि संतोष की खोज ही मानव विकास की सही दिशा है। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ने भजन-कीर्तन, भक्ति और ग्रामसेवा के माध्यम से समाज को यही मार्ग दिखाया। उनकी प्रसिद्ध कृति ग्रामगीता में ग्रामविकास, आध्यात्मिक उन्नति और श्रम की प्रतिष्ठा का संदेश दिया गया है।

महाराज ने दिखाया विकास का मॉडल

मंत्री शेलार ने कहा कि आज जब दुनिया विकास का सही मॉडल खोज रही है, तब राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज द्वारा बताया गया ग्रामविकास का मार्ग अत्यंत व्यावहारिक और आधारभूत साबित हो सकता है। मंत्री शेलार ने बताया कि राज्य सरकार उनके महान विचारों और विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ उसे प्रभावी रूप से दुनिया के सामने लाने के लिए प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से सरकार की योजना के तहत इस चरित्र आधारित फिल्म के निर्माण में सहभागिता की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार मार्गदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्देशक अनंत महादेवन के नेतृत्व में बन रही यह फिल्म और अभिनेता प्रसाद ओक द्वारा निभाई गई भूमिका दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ेगी। यह फिल्म आने वाली पीढ़ियों को विकास का सही मार्ग दिखाने के साथ-साथ भक्ति और सेवा के माध्यम से जीवन में संतोष प्राप्त करने का संदेश देश-विदेश तक पहुंचाएगी।

सांस्कृतिक कार्य विभाग की चरित्रपट योजना के तहत इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है, जबकि कल्चर कॅनवास एंटरटेनमेंट संस्था इसे तैयार कर रही है। समारोह में सुचित्रा देशपांडे, कार्तिकी यादव, शिवम यादव और डॉ. संतोष फुटाणे सहित कई लोग उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com