

Kannada Actor Raju Talikote passes Away: कन्नड़ सिनेमा और थिएटर की दुनिया को आज एक बड़ा झटका लगा है। मशहूर कन्नड़ अभिनेता और थिएटर कलाकार राजू तालिकोटे का सोमवार को निधन हो गया। दरअसल, अभिनेता ने 62 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, राजू तालिकोटे कर्नाटक के उदुपी में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, तभी उन्हें हार्ट अटैक आया। उन्हें तुरंत कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी की, लेकिन कुछ घंटों बाद उनका निधन हो गया।
ऐसे में राजू तालिकोटे के निधन पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “थिएटर कलाकार, कॉमेडियन और धारवाड़ रंगायना के डायरेक्टर राजू तालिकोटे का हार्ट अटैक से निधन बहुत दुखद है। उन्होंने कई कन्नड़ फिल्मों और नाटकों में अपनी अद्भुत प्रतिभा दिखाई। उनका जाना कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान है।”
राजू तालिकोटे का करियर बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने अपने थिएटर करियर की शुरुआत केवल सात साल की उम्र में अपने पिता के थिएटर ग्रुप श्री खांगतेश्वर नाट्य संघ से की थी। उन्हें थिएटर में सबसे बड़ा ब्रेक ‘तालीकोटकुरू’ नाटक से मिला, जिसमें उन्होंने सुमित्रा (किवुड़ा) का रोल निभाया। इस भूमिका ने उन्हें स्टेज पर पहचान दिलाई और उन्हें थिएटर प्रेमियों के बीच लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद राजू ने कई प्रसिद्ध कन्नड़ नाटकों में काम किया, जिनमें ‘डिसालुंकी’, ‘हुविना अंगाड़ी’, ‘हसिरु बाले’ और ‘बस कंडक्टर’ शामिल हैं।
इसके अलावा आपको बता दें कि राजू का फिल्मी करियर 2002 में फिल्म ‘पंजाबी हाउस’ से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने लगभग 17 फिल्मों में काम किया, जिनमें ज्यादातर सपोर्टिंग और कॉमेडी रोल शामिल थे। उनकी कुछ फेमस फिल्मों में ‘मनसारे’, ‘सुग्रीव’ और ‘अलमारी’ प्रमुख हैं। उनकी आखिरी फिल्म ‘स्रीमंथ’ 2023 में रिलीज हुई थी।
फिलहाल अब राजू तालिकोटे का यूं अचानक जाना न केवल उनके परिवार और फैंस के लिए बल्कि कन्नड़ फिल्म और थिएटर इंडस्ट्री के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उनके अभिनय और हास्य ने हमेशा दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है और उनकी यादें इंडस्ट्री में लंबे समय तक जीवित रहेंगी।