अनिल कपूर की ‘सुबेदार’ के संगीत ने जीता दिल, रोहन-विनायक की जोड़ी ने रचा दमदार साउंडस्केप

Rohan Vinayak Music Composers: अनिल कपूर की फिल्म सूबेदार के संगीत को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। म्यूज़िक डायरेक्टर जोड़ी रोहन–विनायक ने फिल्म के लिए अनोखा साउंडस्केप तैयार किया है।
Anil Kapoor Subedaar Film Music Rohan Vinayak music composers, Subedaar Lalla song
रोहन-विनायक (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Anil Kapoor Subedaar Film Music: अनिल कपूर स्टारर एक्शन-ड्रामा फिल्म सुबेदार इन दिनों अपने दमदार म्यूज़िक और बैकग्राउंड स्कोर को लेकर चर्चा में है। फिल्म के संगीतकार रोहन उत्पत और विनायक साल्वी, जिन्हें इंडस्ट्री में रोहन-विनायक के नाम से जाना जाता है, ने फिल्म के लिए तैयार किए गए अपने अनोखे साउंडस्केप और हाई-एनर्जी ट्रैक ‘लल्ला’ के पीछे की कहानी साझा की है।

सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर कहानी के भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक तनाव को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। रोहन–विनायक ने पारंपरिक ऑर्केस्ट्रा संगीत से अलग हटकर साउंड-ड्रिवन अप्रोच अपनाई। संगीतकारों ने फिल्म के माहौल को उभारने के लिए टेक्सचर्ड साउंड डिजाइन, इंडस्ट्रियल टोन और एटमॉस्फेरिक सिंथ लेयर्स का इस्तेमाल किया। उन्होंने कई अनोखी ध्वनियों को भी संगीत का हिस्सा बनाया, जिनमें घड़ी की टिक-टिक, वर्कशॉप जैसे माहौल की आवाजें और ड्रिलिंग इफेक्ट्स शामिल हैं।

लल्ला गाने ने बढ़ाया फिल्म का रोमांच

फिल्म का खास गाना ‘लल्ला’ भी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस गाने को मशहूर गायक विशाल ददलानी ने अपनी दमदार आवाज़ दी है। रॉक और ग्रंज ऊर्जा से भरपूर यह गीत फिल्म के एक अहम एक्शन सीक्वेंस के दौरान सुनाई देता है और मुख्य किरदार के भीतर के गुस्से और भावनात्मक उथल-पुथल को दर्शाता है। गाने में दमदार स्ट्रिंग सेक्शन का इस्तेमाल किया गया है। खास तौर पर सेलो की गहरी ध्वनि ने गीत को और प्रभावशाली बना दिया है। लोक शैली के शब्दों और विशाल ददलानी की ताकतवर आवाज़ ने इस गीत को अलग पहचान दी है।

निर्देशक के साथ पुराने रिश्ते का मिला फायदा

फिल्म से जुड़ने के बारे में बताते हुए रोहन उत्पत ने कहा कि निर्देशक सुरेश त्रिवेणी के साथ उनका पेशेवर रिश्ता एक दशक से भी ज्यादा पुराना है। इसी भरोसे और समझ के चलते उन्हें सुबेदार का हिस्सा बनने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि फिल्म का थीम म्यूज़िक 2024 में टीज़र रिलीज होने से कई महीने पहले ही तैयार कर लिया गया था, जो बाद में पूरे बैकग्राउंड स्कोर की बुनियाद बना।

दर्शकों से मिल रहा जबरदस्त प्यार

रोहन-विनायक की जोड़ी इससे पहले नील बट्टे सन्नाटा, सरकार 3, लूटकेस और 102 नॉट आउट जैसी फिल्मों में भी अपना संगीत दे चुकी है। अब सुबेदार के साथ उन्होंने एक बार फिर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है। फिलहाल यह फिल्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है और इसका संगीत दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। खास तौर पर ‘लल्ला’ गाना सोशल मीडिया और म्यूज़िक चार्ट्स पर ट्रेंड कर रहा है, जिसे फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com