साजिद खान पठान और विजय अग्रवाल
अकोला: महाराष्ट्र विधानसा चुनाव 2024 में अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी साजिद खान पठान ने 88,718 मत लेकर चुनाव में जीत हासिल की है। वहीं भाजपा प्रत्याशी विजय अग्रवाल को कुल 87,435 मत मिले हैं। इस तरह सिर्फ 1,283 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी साजिद खान पठान की जीत हुई है। इस चुनाव में भाजपा का समीकरण भाजपा के बागी प्रत्याशियों ने बिगाड़ा है।
पूर्व नगराध्यक्ष तथा पिछले अनेक वर्षों से पार्षद रहे भाजपा नेता हरीश आलिमचंदानी वीबीए का समर्थन लेकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव में खड़े हो गए। उन्हें कुल 21,481 मत मिले। इसी तरह प्रदेश भाजपा के कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. अशोक ओलंबे पाटिल ने भी प्रहार जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, उन्हें 2,127 मत प्राप्त हुए। यह सब देखकर ऐसा लगता है कि भाजपा प्रत्याशी विजय अग्रवाल की पराजय के पीछे इन बागी प्रत्याशियों का योगदान रहा है। जिससे उन्हें बहुत ही कम मतों के अंतर से इस चुनाव में पराजित होना पड़ा है।
चुनाव से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
इसी तरह शिवसेना (यूबीटी) के महानगर प्रमुख राजेश मिश्रा ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, उन्हें कुल 2,653 मत प्राप्त हुए। देखा जाए तो शिवसेना (यूबीटी) महाविकास अघाड़ी का एक घटक दल है और अकोला पश्चिम क्षेत्र कांग्रेस को दिया गया था, इसके बावजूद राजेश मिश्रा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, यह उल्लेखनीय है।
पिछले 6 चुनाव में यहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में गोवर्धन शर्मा लगातार निर्वाचित होते रहे हैं। पिछले वर्ष उनका निधन हो गया है। इस चुनाव क्षेत्र में कांग्रेस को करीब 30 वर्षों बाद जीत हासिल हुई है। इस कारण शनिवार की देर रात तक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने स्वराज्य भवन में जीत का उत्सव मनाया। स्वराज्य भवन में अनेक वर्षों के बाद हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की भीड़ देखी गई।
महाराष्ट्र की ताजा खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें