प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो - सोशल मीडिया
नई दिल्ली : राषट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए अब झुलसाने वाली गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। बीते दिन सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। जिसकी वजह से हीटवेव यानी लू की स्थिति बन गई। वहीं, आंकड़े बताते हैं कि बीते 15 साल में यह दूसरी बार ऐसा हुआ है कि जब अप्रैल में ही दिल्ली के लोग लू का सामना कर रहे हैं। दिल्ली में साल 2011 के बाद 2022 में 8 से 11 अप्रैल तक यानी चार दिन लू की स्थिति रिकॉर्ड की गई थी।
दिल्ली में इस बार लोगों को असामान्य गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही निकलने वाली धूप के कारण पारा तेजी से बढ़ जा रहा है। सोमवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप निकल रही है। ग्यारह बजे के बाद से ही लोगों को तपिश महसूस होने लगी थी। दोपहर के समय खासतौर पर खुले में काम करने वाले और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली के इस बदलते मौसम के तेवर में लोगों को लू का अहसास हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है। गर्मी बढ़ने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग की तकनीकी परिभाषा के मुताबिक, अगर दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक और सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक है तो इसे हीटवेव यानी लू की स्थिति माना जाता है। वहीं, अगर तापमान सामान्य से साढ़े छह डिग्री अधिक है तो इसे भीषण लू की स्थिति में देखा जाता है।
मौसम विभाग के डेटा से पता चलता है कि दिल्ली में तीन जगहों पर लू की स्थिति बनी रही। सफदरजंग के अलावा रिज और आयानगर में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। आयानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जबकि रिज मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
दिल्ली अन्य खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
आपको जानकारी के लिए बताता चलें कि मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिन तक दिल्ली में लू का प्रकोप जारी रहेगा। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं इस बार पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश बहुत कम हुई है, जिसकी वजह से मौसम शुष्क और गर्म बना हुआ है।