नाशिक एयरपोर्ट से उड़ानों की बहार, जयपुर और हैदराबाद सेवा फिर शुरू, दिल्ली के लिए करना होगा इंतजार

Nashik Airport: 28 अक्टूबर से नाशिक-जयपुर उड़ान फिर शुरू होगी, हैदराबाद के लिए अतिरिक्त सेवा भी शुरू। दिल्ली के लिए नई उड़ान की समय-सारणी का अभी इंतजार जारी है।
Nashik Airport
नाशिक एयरपोर्ट
Published on: 
Updated on: 

Nashik News: नाशिकवासियों के लिए खुशखबरी है। आगामी 28 अक्टूबर से नाशिक से जयपुर के लिए हवाई सेवा फिर से शुरू हो रही है। साथ ही हैदराबाद के लिए भी एक अतिरिक्त विमान सेवा की शुरुआत की जा रही है लेकिन, अतिरिक्त दिल्ली उड़ान के लिए यात्रियों को अभी कुछ और समय इंतजार करना पड़ सकता है।

फिलहाल नाशिक के ओझर एयरपोर्ट से इंडिगो कंपनी की सेवाएं दिल्ली, हैदराबाद, गोवा, नागपुर, बेंगलुरु और अहमदाबाद के लिए उपलब्ध हैं। कुछ महीने पहले नाशिक-इंदौर-जयपुर सेवा बंद कर दी गई थी, वहीं दिल्ली रनवे पर काम होने के कारण नाशिक-दिल्ली उड़ान को रोजाना के बजाय सप्ताह में सिर्फ तीन दिन संचालित किया जा रहा था। अब ये सेवाएं फिर से सामान्य हो रही हैं और इंडिगो ने इन्हें अपने विंटर शेड्यूल में शामिल किया है।

दिल्ली उड़ान पर अभी इंतजार

हैदराबाद के साथ-साथ दिल्ली के लिए भी अतिरिक्त उड़ान शुरू करने की घोषणा हुई थी। यह विमान नाशिक से रात में उड़ान भरकर सुबह जल्दी दिल्ली पहुंचेगा, जिससे यात्रियों को अगले दिन का काम समय पर शुरू करने में सुविधा होगी लेकिन इस विमान की समय-सारणी अभी घोषित नहीं हुई है। निमा के उपाध्यक्ष मनीष रावल और तान के अध्यक्ष सागर वाघचौरे के अनुसार, इसकी तैयारी अंतिम चरण में है और यह सेवा भी 28 अक्टूबर से शुरू होगी।

उड़ानों का समय

जयपुर-इंदौर-नाशिक: जयपुर से सुबह 11:45 पर उड़ान भरकर दोपहर 1:10 पर इंदौर पहुंचेगी। वहां से 1:30 पर उड़ान भरकर 2:40 बजे नाशिक उतरेगी। नाशिक से यह विमान दोपहर 3:00 बजे रवाना होकर 4:15 पर इंदौर और 4:35 पर उड़ान भरकर शाम 6:00 बजे जयपुर पहुंचेगा।

हैदराबाद-नाशिक: हैदराबाद से सुबह 6:50 पर उड़ान भरकर 8:40 पर नाशिक पहुंचेगी। वहीं, नाशिक से सुबह 9:00 बजे रवाना होकर 10:45 पर हैदराबाद लौटेगी। नाशिक एयरपोर्ट से इन नई उड़ानों की शुरुआत से व्यापारिक और निजी यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Navbharat Live
navbharatlive.com