बिहार शिक्षक भर्ती देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, STET के लिए इस तारीख से शुरू होंगे आवेदन

Bihar Teacher Recruitment: बिहार में सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। दरअसल राज्य सरकार द्वारा स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए जल्द आवेदन शुरू होंगे।
बिहार में शिक्षक भर्ती देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, STET के लिए इस तारीख से शुरू होंगे आवेदन
बिहार शिक्षक भर्ती 2025 (सौ. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bihar STET Exam Date: बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं और इसी बीच सरकार ने राज्य शिक्षक भर्ती से जुड़ी बड़ी घोषणा की है। सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली पदों पर बहाली प्रक्रिया अब तेज हो गई है। दरअसल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) और स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी (STET) परीक्षा का आयोजन किया जाएगा जिसकी तारीखों का एलान किया गया है।

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार स्कूल परीक्षा समिति इस बार STET परीक्षा का आयोजन करेगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 8 सितंबर से 16 सितंबर तक शुरू हो जाएंगे। बता दें कि आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास सिर्फ नौ दिन का समय है। बता दें कि STET परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवार बीपीएससी की चौथे चरण की भर्ती परीक्षा में शामिल हो पाएंगे।

कब होगी परीक्षा

बिहार STET परीक्षा की तिथि 4 से 25 अक्टूबर 2025 होगी। परीक्षा का परिणाम 1 नवंबर 2025 को आएंगे। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी को आवेदन शुल्क 100 रुपए देने होंगे। बता दें कि शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही होगा।

आवेदन करने की उम्र सीमा

परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष (पुरुष) होनी चाहिए। वहीं महिलाओं, बीसी/ईबीसी के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। इसके अलावा एससी/एसटी वर्ग के लोगों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है।

STET परीक्षा सभी विषयों पर आयोजित होगी जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, इतिहास आदि विषय शामिल हैं। सभी के लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग परीक्षा देनी होगी। राज्य में सरकारी शिक्षक बनने का यह सुनहरा अवसर मिस न करें।

आवेदन के लिए योग्यता

बिहार शिक्षक भर्ती के लिए आवेदनकर्ता को किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर या इसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होनी चाहिए। साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएड की डिग्री हासिल हो। इसके अलावा सीनियर सेकेंडरी टीचर के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री द्वितीय श्रेणी के साथ होना अनिवार्य है। साथ ही बीएड डिग्री भी होनी चाहिए। परीक्षा में एसटी/एससी/एबीसी/बीसी/दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को अंकों में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी।